Betul news:छह साल से नहीं मिला संबल योजना का लाभ, अब परिवार के साथ भूख हड़ताल पर बैठने का लिया निर्णय

छह साल से नहीं मिला संबल योजना का लाभ, अब परिवार के साथ भूख हड़ताल पर बैठने का लिया निर्णय

बैतूल। भैंसदेही ब्लॉक के ग्राम ठेसका निवासी सुनिता उइके ने संबल योजना के तहत अपने पति की मृत्यु के बाद मिलने वाली सहायता राशि की मांग को लेकर 2 दिसंबर 2024 से कलेक्टर कार्यालय के सामने परिवार सहित अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठने का ऐलान किया है। सुनिता उइके के अनुसार, उनके पति राजू उइके की 2 जून 2019 को मृत्यु हो गई थी। उनका नाम संबल योजना में पंजीकृत था और उनका श्रमिक आईडी नंबर 120438914 है। सुनिता ने बताया कि उन्होंने इस योजना के तहत 2 लाख रुपये की सहायता राशि के लिए 2 जुलाई 2019 को आवेदन किया था, जिसका पंजीकरण 14 जुलाई 2019 को हो गया था। शासन से स्वीकृति, लेकिन राशि आज तक नहीं मिली

मध्य प्रदेश शासन के आदेश क्रमांक 544/2019 दिनांक 27 सितंबर 2019 के तहत सुनिता के पति की मृत्यु के बाद 2 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी। यह राशि जनपद पंचायत भैंसदेही के खाते क्रमांक स.क्र. 192 में जमा होनी थी। लेकिन सुनिता का आरोप है कि यह राशि जनपद पंचायत के तत्कालीन सीईओ नरेन्द्र रघुवंशी और लेखापाल नवीन कुमार मिश्रा ने फर्जी तरीके से अपात्र व्यक्ति को पात्र बताकर उनके खाते में ट्रांसफर कर दी।सुनिता ने बताया कि उन्होंने जिला प्रशासन, जिला पंचायत सीईओ, जनपद पंचायत भैंसदेही के सीईओ, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 और लोकायुक्त तक शिकायत की, लेकिन आज तक उन्हें न्याय नहीं मिल पाया है।न्याय न मिलने से निराश होकर 2 दिसंबर से परिवार सहित कलेक्टर कार्यालय के सामने भूख हड़ताल पर बैठने का निर्णय लिया है। उन्होंने मांग की है कि शासन से स्वीकृत राशि उन्हें 6 साल के ब्याज सहित दिलाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.