Betul News:समय पर स्कूल नहीं आ रहे शिक्षक बच्चों के भविष्य को लेकर कलेक्टर से की शिकायत
समय पर स्कूल नहीं आ रहे शिक्षक बच्चों के भविष्य को लेकर कलेक्टर से की शिकायत
चूनागोसाई में पदस्थ शिक्षक को हटाने की मांग

बैतूल। चिचोली ब्लाक के ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था का बुरा हाल है। विद्यालयों में शिक्षकों का समय से न पहुंचने का सिलसिला जारी है। जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसके बाद भी शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई महज खानापूर्ति के लिए की जाती है। सरकार शिक्षा के प्रति सजग है और कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित ना रहे इसके लिए प्रयास कर रही है। लेकिन कथित शिक्षक सरकार की मंशा पर पलीता लगा रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार चूनागोसाई के माध्यमिक शाला में शिक्षक संतोष राठौर समय पर स्कूल नहीं पहुंचते है। इसकी शिकायत ग्रामीण दिनेश यादव पिता रामाधार यादव निवासी चूनागोसाई ने कलेक्टर से की है। उन्होंने बताया कि समय पर स्कूल नहीं आने की वजह से बच्चे इधर-उधर खेलते-घूमते रहते हैं। इन बच्चों का भविष्य अंधकारमय है। शासन-प्रशासन व जनप्रतिनिधि इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। पूर्व में शिकायत के बावजूद आजतक कोई कार्यवाही नही हुई है। उन्होंने इसकी शिकायत बीईओ से भी की है। उन्होंने जांच कर कार्यवाही का आश्वासन दिया।
निगरानी समिति पर उठाए सवाल
दिनेश यादव का आरोप है कि स्कूल की निगरानी समिति भी अपनी जिम्मेदारी सही ढंग से नहीं निभा रही है। जिस कारण बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ चल रहा है। उन्होंने कलेक्टर से मांग की है कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले शिक्षक पर जल्द से जल्द ठोस कार्रवाई की जाए ताकि गांव के बच्चों को अच्छी शिक्षा मिल सके। वर्तमान में अध्ययनरत बच्चों का शिक्षा का स्तर भी बहुत कम है। शिक्षक संतोष राठौर प्रतिदिन समय पर स्कूल नही खोलते हैं, ना इनके आने का कोई समय है। 21 मार्च को शिक्षक संतोष स्कूल में मौजूद नही था। उन्होंने एस.डी.ओ डीके शर्मा को मौके से इसकी जानकारी दी।
