Betul News:हेल्प केयर टीम ने मानसिक विक्षिप्त महिला को पहुंचाया अपना आश्रम
हेल्प केयर टीम ने मानसिक विक्षिप्त महिला को पहुंचाया अपना आश्रम
संस्था के इस प्रयास को मिल रही सराहना

बैतूल। जिसका कोई नहीं, उसका खुदा है। इस बात को समाजसेवी संस्था हेल्प केयर यूथ क्लब ने गुरुवार को एक बार फिर चरितार्थ किया। संस्था की अध्यक्ष मुस्कान सोनी के साथ ही सदस्यों ने बस स्टैंड कोठी बाजार में मौजूद एक महिला के मानसिक कमजोरी व विक्षिप्तता की जानकारी होने पर चिकित्सकीय टीम से सम्पर्क साधा और त्वरित उपचार के बाद उसे शोभापुर सारणी के अपना घर वृद्धाश्रम पहुंचाया।
संस्था के इस प्रयास को देखकर लोगों ने सराहना की, वहीं प्रेरित होकर समाज में असहाय लोगों की मदद के लिए आगे आने का भी आह्वान किया। मुस्कान सोनी ने बताया कि कुछ समय से महिला को असहाय व अशक्त हाल में देखा तो उसकी मदद कर उसे आश्रय व चिकित्सा सेवा मुहैया कराने का निर्णय लिया। उल्लेखनीय है कि इस सेवा कार्य में संस्था को जिला प्रशासन द्वारा भी सहयोग किया जा रहा है। बैतूल नगर पालिका ने मानव हित को दृष्टिगत रखते हुए नगरीय क्षेत्र बैतूल का सतत् भ्रमण कर विक्षिप्त महिला, पुरुषों को वृद्धाश्रम में पहुंचाने का आग्रह हेल्प केयर यूथ क्लब से किया है। ताकि किसी प्रकार की जन हानि की स्थिति निर्मित न हो। मुस्कान सोनी ने बताया कि महीला 5-6 सालों से बस स्टाप पर रह रही थी और यात्रियों से अभद्रता करती थीं। बस स्टैंड पर किसी को बैठने नहीं देती थी। बस स्टैंड आने वाले यात्रियों ने इसकी सूचना जिला प्रशासन को दी। सूचना कलेक्टर के संज्ञान में आने के बाद नगर पालिका सीएमओ ने तत्काल हेल्प केयर यूथ क्लब को सूचना दी। टीम ने पुलिस की मदद लेकर महिला को गाड़ी में बैठा कर जिला अस्पताल लाया। महिला का वहां मुलायजा हुआ। जरूरी कार्यवाही करने के बाद महिला को शोभापुर सारणी अपना घर वृद्धाश्रम पहुंचाया गया। इस सेवा कार्य में समाजसेवी मुस्कान सोनी, चिंटू खान, सृष्टि प्रजापति, श्रद्धा प्रजापति, नगर पालिका परिषद बाबू सिटी मेनेजर अखिलेश चौहान, हंसराज मसतकर, स्वास्थ निरीक्षक, मदनलाल बिन्नोदकर, सहायक राजस्व निरीक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
