Betul News:बीट गार्ड के खिलाफ डीएफओ से की शिकायत गाली-गलौच, निर्माण कार्य में कच्ची ईंटों और अवैध भुगतान का आरोप
बीट गार्ड के खिलाफ डीएफओ से की शिकायत गाली-गलौच, निर्माण कार्य में कच्ची ईंटों और अवैध भुगतान का आरोप

बैतूल। आठनेर तहसील के ग्राम हिरादेही में चौपाल निर्माण को लेकर बीट गार्ड रवीश कंगाले पर ग्रामीणों ने गाली-गलौच और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि चौपाल निर्माण कार्य में अनियमितता बरती जा रही है और जब उन्होंने इस पर आपत्ति जताई, तो बीट गार्ड ने उनके साथ गाली-गलौच की। डीएफओ से शिकायत कर ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर रवीश कंगाले को तत्काल हटाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि चौपाल का निर्माण कार्य वन समिति के माध्यम से किया जा रहा है। जब ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता की कमी को लेकर सवाल उठाए, तो बीट गार्ड रवीश कंगाले ने उनके साथ अभद्र भाषा में बात की और गाली-गलौच की। इसके पहले भी ग्रामीणों ने वन समिति के पैसे के दुरुपयोग की शिकायत की थी। उनका आरोप है कि ऐसे लोगों के खातों में पैसे डाले गए, जिन्होंने निर्माण कार्य में कोई भूमिका नहीं निभाई। जब इस अनियमितता का विरोध किया गया, तब भी बीट गार्ड ने ग्रामीणों को अपमानित किया।
कच्ची ईंटों और घटिया सामग्री का हो रहा इस्तेमाल
ग्रामीणों का कहना है कि चौपाल निर्माण में कच्ची ईंटों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, तो भी उनकी बात को अनसुना कर दिया गया। रेंजर को भी इस संबंध में शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। वर्तमान में चौपाल के लेंटर का कार्य बाकी है। ग्रामीणों ने मांग की है कि लेंटर में सफेद रेत का उपयोग किया जाए, न कि काली रेत का। उनका कहना है कि काली रेत से निर्माण की मजबूती पर असर पड़ेगा और लंबे समय तक निर्माण संरक्षित नहीं रह पाएगा। इस पूरे प्रकरण को लेकर ग्रामीणों ने डीएफओ से मांग की है कि चौपाल निर्माण कार्य की जांच की जाए और बीट गार्ड रवीश कंगाले को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए।
