Betul News:आठनेर में जल संकट के बीच अवैध नल कनेक्शन का खेल

आधे घंटे पानी के लिए तरस रहे लोग, नगर परिषद कर्मचारी बांट रहे अवैध कनेक्शन

आठनेर में जल संकट के बीच अवैध नल कनेक्शन का खेल

आधे घंटे पानी के लिए तरस रहे लोग, नगर परिषद कर्मचारी बांट रहे अवैध कनेक्शन

बैतूल। आठनेर में एक तरफ लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं, वहीं नगर परिषद के कर्मचारियों की मिलीभगत से मेंन पाइपलाइन काटकर अवैध नल कनेक्शन बांटे जा रहे हैं। वार्ड क्रमांक 9 के पंकज सुधाकर सोनी के नव निर्मित मकान में अवैध कनेक्शन पकड़े जाने के बाद नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सभी पार्षदों ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाया और मुख्य नगरपालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। नगर में चार-चार, पांच-पांच दिन बाद आधे घंटे के लिए पानी सप्लाई हो रही है, ऐसे में मेंन लाइन से अवैध जल उपयोग पर जनता में आक्रोश है। पार्षदों ने चेतावनी दी है कि दोषियों पर तत्काल सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो नगर परिषद के खिलाफ आंदोलन छेड़ा जाएगा। सवाल उठ रहा है कि जल संकट के इस दौर में भी आखिर किसके संरक्षण में अवैध नल कनेक्शन का खेल खेला जा रहा है।पार्षदों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि 27 अप्रैल 2025 को वार्ड क्रमांक 9 में श्री पंकज पिता सुधाकर सोनी के नव निर्मित मकान में नगर परिषद की मेन पेयजल पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त कर अवैध रूप से नल कनेक्शन कर लिया गया। इस अवैध कनेक्शन का पंचनामा नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और अन्य वार्ड पार्षदों की मौजूदगी में मौके पर जाकर तैयार किया गया।ज्ञापन में बताया गया कि इस समय पूरे आठनेर नगर में जल संकट गहराया हुआ है। गर्मी के चलते नगर परिषद द्वारा 4 से 5 दिन के अंतराल में मात्र आधे घंटे के लिए पानी आपूर्ति की जा रही है। इस विकट स्थिति में भी नगर परिषद के कर्मचारी द्वारा मिलीभगत से मकान निर्माण कार्य हेतु मेंन लाइन से पेयजल का अवैध कनेक्शन देना बेहद निंदनीय है।पार्षदों ने सवाल उठाया कि जब नगरवासी पानी की एक-एक बूंद के लिए संघर्ष कर रहे हैं, तब इस प्रकार के अवैध कनेक्शन कैसे दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्या ऐसे मामलों में लीपापोती कर दोषियों को बचाया जाएगा या फिर शासकीय नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई होगी।वार्ड क्रमांक 9 के पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड समेत नगर परिषद आठनेर के सभी 15 वार्डों में पानी का संकट चरम पर है। वार्डवासियों ने कई बार पानी आपूर्ति की अनियमितता की शिकायतें की हैं। अब जब अवैध नल कनेक्शन का मामला सार्वजनिक हुआ है, तो नगर परिषद के कामकाज पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वार्ड वासियों की शिकायत के बाद नगर परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व सभी पार्षदगण मौके पर पहुंचे और पंचनामा तैयार किया। इसके बाद मुख्य नगरपालिका अधिकारी से दोषी कर्मचारियों पर तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई। पार्षदों ने कहा कि यदि इस मामले में शीघ्र कार्यवाही नहीं की गई तो आंदोलन का रास्ता अख्तियार किया जाएगा। नगर परिषद आठनेर के मुख्य नगरपालिका अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि किस कर्मचारी की मिलीभगत से अवैध कनेक्शन दिया गया, इसकी शासकीय जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करते हुए इसकी जानकारी सार्वजनिक की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की अनियमितताओं पर रोक लग सके।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.