Betul News:अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 6 प्रकरण दर्ज
आमला क्षेत्र के चार गांवों में जिला स्तरीय दबिश, 35 लीटर हाथ भट्ठी शराब व 2.7 लीटर देशी मदिरा जब्त
अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 6 प्रकरण दर्ज
आमला क्षेत्र के चार गांवों में जिला स्तरीय दबिश, 35 लीटर हाथ भट्ठी शराब व 2.7 लीटर देशी मदिरा जब्त

बैतूल, 22 अगस्त। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवाने के आदेश एवं जिला आबकारी अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह चढ़ार के निर्देश पर आबकारी वृत्त आमला के अंतर्गत ग्राम पोही, लालावाड़ी, उमरिया एवं सालईढाना में सामूहिक जिला दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान अवैध मदिरा से जुड़े 6 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए।दबिश के दौरान आबकारी टीम ने 35 लीटर हाथ भट्ठी मदिरा और 2.7 लीटर देशी मदिरा जब्त की। इसके साथ ही अवैध शराब निर्माण में उपयोग किए जाने वाले 1450 किलोग्राम महुआ लाहन को मौके पर विधिवत नष्ट कराया गया। विभाग के अनुसार जब्त मदिरा एवं नष्ट किए गए महुआ लाहन की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 51 हजार रुपये है।चार गांवों में पहुंची टीम आबकारी विभाग की टीम ने आमला क्षेत्र के विभिन्न गांवों में एक साथ दबिश देकर अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं बिक्री से जुड़ी गतिविधियों की जांच की। कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) क एवं च के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।
कार्रवाई में ये अधिकारी रहे शामिल
जिला स्तरीय दबिश की कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती लीला मुकाती, आबकारी वृत्त आमला प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक श्री जुथिका वर्मा, आबकारी उपनिरीक्षक श्री पंकज लोखंडे एवं सुश्री पूजा मालवीय सहित आबकारी विभाग के मुख्य आरक्षक एवं आरक्षक शामिल रहे।आबकारी विभाग ने बताया कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन, संग्रहण एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग द्वारा ऐसे क्षेत्रों को चिन्हित कर लगातार कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
