Betul News:अंधेरे में महिला से सोने की चैन झपटकर भागे आरोपी तक पहुंची सारणी पुलिस

तीन बाल अपचारियों समेत 6 आरोपी गिरफ्तार, मंगलसूत्र-सोने के मोती, मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद

सारणी पुलिस की बड़ी कार्रवाई पीछे से झपट्टा मारकर मंगलसूत्र लूटने वाला गिरोह बेनकाब, मोबाइल छीनने का 4 माह पुराना मामला भी खुला

तीन बाल अपचारियों समेत 6 आरोपी गिरफ्तार, मंगलसूत्र-सोने के मोती, मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद

सारणी। थाना सारणी पुलिस ने झपटमारी और मोबाइल छीनने के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए कुल तीन बाल अपचारियों समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान लूटा गया मंगलसूत्र, चार सोने के मोती, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। दोनों मामलों में आरोपी नीलम बिन्दवारी की भूमिका सामने आई है।

महिला के गले से झपटा मंगलसूत्र

21 सितंबर 2026 को संत रविदास कॉलोनी पाथाखेड़ा निवासी 52 वर्षीय सुमन पंडाग्रे एबी टाइप ऑफिसर कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 13 से पैदल घर लौट रही थीं। शिव मंदिर के पास पीछे से स्कूटी पर आए तीन युवकों ने उनके गले में पहने मंगलसूत्र पर झपट्टा मारकर उसे सोने के मोतियों समेत छीन लिया और फरार हो गए।फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना सारणी में अपराध क्रमांक 335/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने तकनीकी एवं विवेचनात्मक साक्ष्यों के आधार पर तीन बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि नीलम बिन्दवारी द्वारा उन्हें चोरी/लूट के लिए उकसाने की बात सामने आई।पुलिस के अनुसार, लूटा गया मंगलसूत्र और सोने के मोती आगे वैष्णवी एवं एक बाल अपचारी के माध्यम से आलोक सिखदार को करीब 15 हजार रुपये में बेचे गए थे। पुलिस ने 27 सितंबर को नीलम बिन्दवारी, वैष्णवी, आलोक सिखदार समेत तीन बाल अपचारियों को गिरफ्तार किया। मामले में धारा 95, 317(2), 112(2) बीएनएस का इजाफा किया गया।बरामदगी: करीब 40 हजार रुपये कीमत का मंगलसूत्र व चार सोने के मोती, करीब 600 रुपये की एक कान की बाली तथा वारदात में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक MP-48-N-9369।

चार माह पुराने मोबाइल लूट का भी खुलासा

सारणी पुलिस ने एक अन्य मामले में चार माह से लंबित मोबाइल छीनने की वारदात का भी खुलासा किया है। 15 मई 2026 को एम.क्यू. 391 क्लब कॉलोनी, शोभापुर निवासी शहनबाज उर्फ सन्नी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कालीमाई बाजार के पास नीलम बिन्दवारी और उसकी पुत्री मुस्कान ने उसका वीवो T4X 5G मोबाइल, जिसकी कीमत करीब 21,500 रुपये है, छीन लिया था। मोबाइल वापस मांगने पर धमकी देने का आरोप भी फरियादी ने लगाया था।पुलिस ने अपराध क्रमांक 337/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच की। विवेचना के बाद 27 सितंबर को नीलम बिन्दवारी और मुस्कान बिन्दवारी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से फरियादी का मोबाइल बरामद किया गया।दोनों मामलों की कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे एवं एसडीओपी सारणी प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती की टीम द्वारा की गई।कार्रवाई में उप निरीक्षक मनोज उईके, प्रधान आरक्षक मनोज डेहरिया, श्रीराम उईके तथा आरक्षक रवि मोहन, राकेश करपे, सुभाष मंडलोई, मोहित भाटी, जितेन्द्र मोरे, मोनू उईके, वर्षा नागले एवं लक्ष्मी कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।एसपी वीरेन्द्र जैन ने आमजन से अपील की है कि झपटमारी, मोबाइल छीनने, धमकी अथवा अन्य आपराधिक घटनाओं की सूचना तत्काल पुलिस को दें। संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराने के साथ सीसीटीवी फुटेज या अन्य उपलब्ध साक्ष्य भी पुलिस के साथ साझा करें। समय पर सूचना मिलने से आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में पुलिस को मदद मिलती है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.