Betul News:बीच शहर में जुए का ‘खुला दरबार’! कोतवाल साहब की नजर में फिर भी सब साफ?
बीच शहर में जुए का ‘खुला दरबार’! कोतवाल साहब की नजर में फिर भी सब साफ?

बैतूल। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में कथित जुआ गतिविधियों को लेकर पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। चर्चा है कि शहर के बीच कुछ स्थानों पर जुआरी बेखौफ होकर दांव लगा रहे हैं, लेकिन कार्रवाई का कहीं पता नहीं। मामला अगर सिर्फ गली-मोहल्ले तक सीमित होता तो बात अलग थी, लेकिन सवाल यह है कि शहर के बीच नेहरू पार्क के अंदर कथित जुआ चल रहा हो और पुलिस को इसकी भनक तक न लगे तो फिर पुलिस की नजर आखिर किस पर है?
पुलिस का गश्ती तंत्र सक्रिय है, सूचना तंत्र भी मौजूद है और कोतवाली थाना शहर के बीचों-बीच है। फिर भी अगर जुआरी खुलेआम बैठकर दांव लगा रहे हैं तो यह पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़ा करता है। ऐसा लगता है मानो शहर में जुआरियों को शायद पुलिस से ज्यादा भरोसा अपनी लोकेशन पर है क्यों कि जुआरियों को पता है कि पुलिस तो पकड़ेगी नहीं या फिर पुलिस की नजर इतनी ‘तेज’ है कि जुआ फड़ तक पहुंचने से पहले ही रास्ते में कहीं रुक जाती है? शहर के बीच कथित जुआ गतिविधियों पर कब कार्रवाई होगी? क्या पुलिस मौके पर पहुंचकर हकीकत जांचेगी या फिर शिकायत और खबर का इंतजार करती रहेगी?
