Betul News:चिचोली में अवैध शराब बिक्री से परेशान ठेकेदार, जनसुनवाई में कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
लाइसेंसी फर्म ने पुलिस और आबकारी विभाग पर सहयोग न मिलने का आरोप लगाया राजस्व नुकसान और आर्थिक संकट का हवाला
चिचोली में अवैध शराब बिक्री से परेशान ठेकेदार, जनसुनवाई में कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
लाइसेंसी फर्म ने पुलिस और आबकारी विभाग पर सहयोग न मिलने का आरोप लगाया राजस्व नुकसान और आर्थिक संकट का हवाला

बैतूल। चिचोली क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री से परेशान लाइसेंसी ठेकेदार ने मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। ठेकेदार फर्म का आरोप है कि क्षेत्र में पूर्व ठेकेदार और उनके सहयोगियों द्वारा खुलेआम आधी कीमत पर शराब बेची जा रही है, जिससे शासन को राजस्व हानि होने के साथ ही वैध दुकानों का संचालन भी संकट में आ गया है।ज्ञापन में बताया गया कि रूद्र देव सुरा पार्टनरशिप फर्म को सत्र 2026-27 के लिए चिचोली मदिरा समूह के अंतर्गत लाइसेंस क्रमांक 07/2026/22, 07/2026/23 और 07/2026/24 आवंटित हुए हैं। इसके तहत चिचोली-1, चिचोली-2 और भीमपुर में अधिकृत शराब दुकानें संचालित की जा रही हैं। बावजूद इसके, क्षेत्र के चौक-चौराहों और होटलों में अवैध शराब की बिक्री धड़ल्ले से जारी है।
फर्म का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में भी जिला आबकारी अधिकारी से शिकायत की गई थी। हालांकि, केवल एक बार सर्किल इंस्पेक्टर द्वारा औपचारिक निरीक्षण किया गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ठेकेदार ने प्रशासनिक उदासीनता पर नाराजगी जताते हुए कहा कि लगातार हो रही अवैध बिक्री के कारण वैध दुकानों की बिक्री बुरी तरह प्रभावित हो रही है।ज्ञापन के अनुसार, अप्रैल माह के द्वितीय पक्ष की 92 लाख 61 हजार 403 रुपये की प्रत्याभूत ड्यूटी राशि अभी जमा होना शेष है। अवैध शराब सस्ती दरों पर उपलब्ध होने के कारण उपभोक्ता वैध दुकानों से खरीदारी नहीं कर रहे, जिससे आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। ठेकेदार ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें ठेका छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।फर्म ने कलेक्टर से मांग की है कि पुलिस और आबकारी विभाग को सक्रिय कर अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि वैध व्यापार और राजस्व व्यवस्था को बचाया जा सके।
