Betul News:शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई शांति और सौहाद्र्र त्यौहार मनाने को लेकर की गई तैयारी

शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई शांति और सौहाद्र्र त्यौहार मनाने को लेकर की गई तैयारी

होली पर किया हुड़दंग तो होगी सख्त कार्रवाई, चप्पे-चप्पे पर रहेंगे जवान

बैतूल। होली के अगले दिन यानी सोमवार को धुरेंडी का पर्व मनाया जाएगा। इस दिन हुरियारों की टोली दिन भर रंग-गुलाल उड़ाती है। धुरेंडी का पर्व शांति और सद्भाव के साथ मनाया जा सके, इसके लिए पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट है। पुलिस ने सभी से शांतिपूर्ण और शालीनता से होली मनाने की अपील की है। इसके साथ ही किसी भी तरह का हुड़दंग करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। उधर मुलताई क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के ठिकानों पर दबिश दी।

ब्रीथ एनालाइजर से होगी जांच 
फिक्स पाइंटों पर स्टॉपर के माध्यम से जिग-जेग बनाकर वाहनों की गति धीमी की जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों की ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से जांच की जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने वाले के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने से गंभीर सड़क दुर्घटना होने की प्रबल संभावना बनी रहती है।

सभी जगह रहेगी पुलिस निगरानी
केवल सड़कों पर ही नहीं बल्कि शहरों में भी जगह-जगह पुलिस तैनात रहेगी। होली का त्योहार शांति और सौहार्द्र पूर्ण रूप से मनाने पुलिस ने कड़े इंतजाम किए हैं। सब डिवीजन स्तर पर पुलिस अधिकारी सुरक्षा के इंतजामों पर पैनी नजर रखेंगे। जिला मुख्यालय पर भी होली को लेकर कड़े इंतजाम किए गए हैं। चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती रविवार शाम से ही कर दी गई। मोबाइल गश्त भी लगातार जारी रहेगी।

भोपाल बटालियन से आया बल 
होली पर्व को लेकर बाहर से भी बल बुलवाया गया है। भोपाल बटालियन से बल बैतूल आया है। होली पर्व पर किसी भी तरह की हुड़दंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आसामाजिक तत्वों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है। प्रशासन और पुलिस ने अपील की है कि होली पर्व को शांति के साथ मनाएं।आगामी लोकसभा चुनाव एवं होली त्योहार में अवैध कच्ची महुआ शराब की ब्रिकी एवं परिवहन की रोकथाम हेतु अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तारतम्य में एसडीओपी मुलताई सुरेश पाल सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मुलताई राजेश सातनकर के नेतृत्व में 24 मार्च को पुलिस ने अवैध शराब के ठिकानों पर दबिश दी।

इन ठिकानों पर पहुंची पुलिस
पुलिस ने सुबह ग्राम रोहना दाबका में नदी में कच्ची महुआ शराब बनाने के ठिकानों पर दबिस दी। इस दौरान 14 ड्रमों में भरा महुआ लाहन करीब 2800 किलोग्राम एवं शराब बनाने के अड्डों को विधिवत नष्ट किया गया। महुआ लाहन की अनुमानित कीमत करीब 80000 रूपये है।

कार्यवाही में इनका रहा योगदान

उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी मुलताई राजेश सातनकर, चौकी प्रभारी मासोद बसंत अहाके, चौकी प्रभारी दुनावा नीरज खरे, उप निरीक्षक अमित पवार, आरक्षक अरविंद पटेल, सेवाराम एवं नगर रक्षा समिति के सदस्यों का योगदान रहा।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.