Betul News:दुर्व्यवहार और मारपीट की घटना, पीड़िता ने एसपी से की शिकायत, पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल

दुर्व्यवहार और मारपीट की घटना, पीड़िता ने एसपी से की शिकायत, पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल !

अनावेदकगण के खिलाफ उचित धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग, पाथाखेड़ा क्षेत्र का मामला

बैतूल। ईश्वर नगर पाथाखेड़ा की निवासी ललिता उइके (28 वर्ष) ने अपने घर पर हुई गंभीर घटना के संबंध में एसपी से न्याय की गुहार लगाई है। ललिता उइके ने बताया कि 1 मई 2024 की रात 9:30 बजे अनावेदक मधु उर्फ प्रदीप उइके (42 वर्ष) और मोहिन खान (25 वर्ष) ने उनके घर में घुसकर हमला किया और मारपीट की। इस मामले में उन्होंने एसपी से शिकायत की है।शिकायत आवेदन में ललिता उइके ने बताया कि घटना के समय वह अपने ससुर और देवर बलराम उइके के साथ घर पर थीं। अनावेदकगण घर में घुसे और बलराम उइके पर डंडे और रॉड से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं। इसके बाद अनावेदकगण ने उनके ससुर को लात-घूंसों से मारा और उन्हें लहूलुहान कर दिया। ललिता उइके ने आरोप लगाया कि अनावेदकगण ने उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया। उनके बाल खींचे गए, उन्हें जमीन पर गिरा दिया गया और मारपीट की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ बुरा काम करने की कोशिश की गई और उन्हें लात-घूंसों से मारा गया।

पुलिस की कार्रवाई पर सवाल

ललिता उइके ने अपनी शिकायत में बताया कि पुलिस ने मारपीट की घटना की एफआईआर तो दर्ज की, लेकिन उनके साथ हुई छेड़छाड़ और दुर्व्यवहार को गंभीरता से नहीं लिया गया। उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाया कि उनसे पूछताछ भी नहीं की गई और अनावेदकगण के खिलाफ उचित धाराओं में मामला दर्ज नहीं किया गया।

न्याय की मांग

ललिता उइके ने एसपी से अनुरोध किया है कि उनके मामले को संज्ञान में लिया जाए और अनावेदकगण के खिलाफ उचित धाराओं में मामला दर्ज कर न्याय दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि उनके साथ हुए दुर्व्यवहार और छेड़छाड़ को भी एफआईआर में शामिल किया जाए ताकि उन्हें न्याय मिल सके।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.