Pulse polio campaign News:जिले में 23 जून से 25 जून तक चलेगा पल्स पोलियो अभियान: डॉ.उईके

जिले में 23 जून से 25 जून तक चलेगा पल्स पोलियो अभियान: डॉ.उईके

दस्तक अभियान एवं पल्स पोलियो अभियान का जिला स्तरीय अंर्तविभागीय प्रशिक्षण आयोजित

बैतूल स्वास्थ्य विभाग द्वारा शासकीय एएनएम प्रशिक्षण केन्द्र टिकारी के सभाकक्ष में शुक्रवार को दस्तक अभियान एवं पल्स पोलियो अभियान का जिला स्तरीय अंर्तविभागीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ रविकांत उइके ने बताया कि जिले में पल्स पोलियो अभियान 23 जून से 25 जून 2024 तक एवं दस्तक अभियान 25 जून से 27 अगस्त 2024 तक चलाया जायेगा। अभियान के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा।सीएमएचओ डॉ.उईके ने बताया कि दस्तक अभियान का मुख्य उद्देश्य बाल मृत्यु प्रकरणों में कमी लाना है। दस्तक अभियान के तहत समुदाय में बीमार नवजातों और बच्चों की पहचान प्रबंधन एवं रेफरल, 5 वर्ष से कम उम्र के गंभीर कुपोषित बच्चों की सक्रिय पहचान, रेफरल एवं प्रबंधन, 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों में गंभीर एनीमिया की सक्रिय स्क्रीनिंग एवं प्रबंधन, 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों में बाल्यकालीन दस्त रोग की पहचान एवं नियंत्रण हेतु ओ.आर.एस. एवं जिंक के उपयोग संबंधी सामुदायिक जागरूकता में बढ़ावा एवं प्रत्येक घर में गृह भेंट के दौरान ओ.आर.एस. पहुंचाना सम्मिलित है।उन्होंने बताया कि लोगों में जागरूकता न होने से उपचार लेने में अनावश्यक देरी होती है, जिससे बाल एवं शिशु मृत्यु के प्रकरणों में वृद्धि होती है। स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास का अमला दस्त एवं निमोनिया से होने वाली मृत्यु के कारणों के प्रति लोगों को जागरूक करें, ताकि हितग्राही समय पर उपचार ले सके।
दस्तक अभियान के साथ चलेगा दस्त नियंत्रण पखवाड़ा


सर्वेलेस ऑफीसर डॉ.अविनाश कनेरे ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान में 0 से 5 वर्ष तक के समस्त बच्चों को 23 जून 2024 को पल्स पोलियो बूथ पर एवं 24 एवं 25 जून 2024 को घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जायेगी। डिविजनल कंसलटेंट श्री देव कुमार दुबे ने बताया कि दस्तक अभियान के साथ-साथ दस्त नियंत्रण पखवाड़ा का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें स्वच्छता, दस्त रोग प्रबंधन, साबुन से हाथ धोने की प्रक्रिया का प्रदर्शन, पीने के पानी की स्वच्छता, स्वच्छ खानपान, शौचालय के उपयोग को बढ़ावा, ओआरएस बनाने की विधि इत्यादि गतिविधियां की जावेगी।प्रशिक्षण में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ.अरविन्द कुमार भट्ट, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ.जगदीश घोरे, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.राजेश परिहार, एनआरसी प्रभारी डॉ.अशोक कुमार उइके, संभागीय समन्वयक श्री दिनेश पांडे, डीपीएम डॉ विनोद शाक्य, खंड चिकित्सा अधिकारी, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास, डीसीएम, बीपीएम, बीईई, बीसीएम, कोल्ड चेन हेंडलर आदि मौजूद रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.