Betul crime:कोतवाली पुलिस ने 24 लाख की चोरी का किया खुलासा,दो शातिर चोर को किया गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने 24 लाख की चोरी का किया खुलासा,दो शातिर चोर को किया गिरफ्तार

बैतूल। कोतवाली थाना इलाके के प्रताप वार्ड में पिछले 10 जून की रात एक सूने मकान में हुई लाखो रुपए की चोरी के मामले में आज एएसपी कमला जोशी ने दो आरोपियों की गिरफ्तारी का खुलासा किया। पकड़े गए आरोपियों के पास से 24 लाख रु के नगदी और जेवर बरामद किए गए है। एएसपी कमला जोशी और एसडीओपी शालिनी परस्ते ने बताया की पुराना बच्चा जेल चौक के पास प्रताप वार्ड बैतूल निवासी ललिता पति उकंडया उसका परिवार उसके भांजे की शादी में 9 जून को भोपाल गया था।
जाते समय उसके छोटे बेटे अजय ने घर के सामने के मेन दरवाजे की कुण्डी ऐसे ही लगा दी थी और बाहर के जाली वाले दरवाजे पर ताला लगा दिया था 10 जून की सुबह परिवार वापस अपने घर आया तो देखा कि घर के जाली वाले दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। परिवार अंदर पहुंचा तो घर का सामान बिखरा हुआ था, और उन्होंने अंदर के कमरे में जाकर देखा तो वहां भी लोहे के ड्रम और पेटी के ताले खुले पड़े थे और सारा सामान बिखरा हुआ था। घर में रखे लाखो के जेवरात के अलावा तीन लाख पचास हजार रूपये नगद चोरी हो गए थे। एसडीओपी शालिनी परस्ते ने बताया की चोरी की घटना के बाद इस मामले में आरोपियों की पतासाजी के लिए टीम गठित की गई थी। जिसने मुखबिर की सूचना और घटनास्थल पर मिले वैज्ञानिक साक्ष्य के आधार पर लकी उर्फ पपिंदर पिता गुरनाम सिंह (26) निवासी डॉन बास्को के सामने सदर और आकाश उर्फ मोनू पिता जवाहरलाल मालवी (32) लिंक रोड टिकारी को सांपना डेम के आगे साई मन्दिर के पास से घेराबंदी कर पकड़कर पूछताछ की। जिन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने ही बच्चा जेल चौक के पास सूना मकान पाकर चोरी की है। पुलिस ने आरोपियों के पास से नगदी 71580 रूपये समेत करीब 24 लाख रूपये की चोरी बरामद कर ली हैं।
आरोपियों को पकड़ने में इनकी रही भूमिका
चोरी में आरोपियों की तलाश, पतासाजी गिरफ्तारी करने में निरीक्षक देवकरण देहरिया , उपनिरीक्षक नितिन उईके, उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह ठाकुर, आरक्षक नवनीत वर्मा, नितिन चौहान, शिव उईके अभिजीत, दीपेन्द्र सिंह की भूमिका रही।
