Betul News:बैतूल के गोविंदा टॉवर में दादागिरी: 7800 मेंटेनेंस के लिए 24 घंटे में ही बंद किया परिवार का पानी, पीड़िता ने कलेक्टर से लगाई गुहार

बैतूल के गोविंदा टॉवर में दादागिरी: 7800 मेंटेनेंस के लिए 24 घंटे में ही बंद किया परिवार का पानी, पीड़िता ने कलेक्टर से लगाई गुहार

बैतूल शहर के गोकुल धाम कालापाठा स्थित गोविंदा टॉवर में बिल्डर और सोसायटी अध्यक्ष की मनमानी चरम पर है। यहां रहने वाली एक महिला का पानी सिर्फ इसलिए बंद कर दिया गया क्योंकि उसने 7800 रुपये का मेंटेनेंस 24 घंटे में नहीं दिया। पूरा मामला गोविंदा टॉवर फ्लैट नंबर 107 का है। पीड़िता पिछले दो साल से यहां निवासरत है। पीड़िता का आरोप है कि इस अपार्टमेंट के बिल्डर भूपेन्द्र उर्फ बबलू खुराना और सोसायटी अध्यक्ष नारायण पंवार व सचिव दीपक खुराना द्वारा नियमों को ताक पर रखकर रहवासियों को परेशान किया जा रहा है। पीड़िता के अनुसार 29 अक्टूबर 2026 को उसे 7,800 रुपये मेंटेनेंस का नोटिस दिया गया, जिसे जमा करने के लिए 7 दिन का समय दिया गया था। लेकिन नोटिस के 24 घंटे के भीतर ही 30 अक्टूबर को उसके फ्लैट का पानी बंद कर दिया गया। जब पीड़िता ने अध्यक्ष को फोन लगाया तो उन्होंने फोन उठाना तक जरूरी नहीं समझा। इतना ही नहीं पीड़िता ने जब खाते का विवरण मांगा तो उसे खाता नंबर तक नहीं दिया गया। हमेशा नगद राशि की ही मांग की जाती है ताकि लेन-देन का कोई सबूत रहवासियों के पास न रहे।शिकायत करते हुए  कई गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। पीड़िता का कहना है कि पिछले साल ही दीपक खुराना और भूपेन्द्र खुराना ने दो परिवारों के साथ मारपीट की थी जिसमें से एक परिवार ने FIR भी दर्ज कराई थी। सोसायटी में कई अवैध काम भी चल रहे हैं। पार्किंग एरिया और क्लब हाउस में कोल्ड ड्रिंक का स्टोरेज बनाया गया है। फायर सेफ्टी के नियमों का पालन तक नहीं किया गया है। सबसे बड़ी बात यह है कि सोसायटी अध्यक्ष नारायण पंवार के नाम पर अपार्टमेंट में कोई फ्लैट ही नहीं है फिर भी नियमों की अनदेखी कर उन्हें अध्यक्ष पद पर बैठा दिया गया है। कमेटी के गठन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।पीड़िता ने कलेक्टर और प्रशासन से मांग की है कि उसके फ्लैट का पानी तत्काल शुरू करवाया जाए और पूरे अपार्टमेंट का निरीक्षण कर रेरा के नियमों के तहत बिल्डर और अवैध कमेटी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.