Three accused of robbery arrested:कत्लढाना लूटकांड के तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
कत्लढाना लूटकांड के तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

बैतूल। गंज थाना क्षेत्र के कत्लढाना इलाके में एक महीने पहले हुई लूट के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें से एक नाबालिग है। हालांकि, एक आरोपी अभी भी फरार है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट का सामान बरामद कर लिया है।19 मई की रात को टिकारी निवासी दुर्गेश मालवी (29) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि रात करीब 11 बजे, वह अपने दोस्तों शुभम ठाकरे और योगेश मालवी के साथ टिकारी से कत्लढाना अपने दोस्त विशाल मालवी को छोड़ने गए थे। पानी की टंकी के पास चार अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें रोककर मारपीट की और उनके मोबाइल फोन, चांदी की चेन, स्मार्ट वाच, और कान की बाली छीन कर फरार हो गए।

नगर निरीक्षक रविकांत डेहरिया ने बताया कि टीम ने इस इलाके में रहने वाले बदमाशों की जानकारी जुटाई और तीन आरोपियों को चिन्हित किया। गिरफ्तार आरोपियों में यश (19) पिता राजू राने, दीपक (21) पिता ज्ञानराव मालवीय, और एक नाबालिग शामिल हैं। पूछताछ के दौरान तीनों ने अपना जुर्म कबूल लिया और उनके पास से लूट के एक-एक मोबाइल बरामद किए गए। इस मामले में एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। गंज थाना इलाके में हुए इस लूटकांड के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
