Cheating News:संबल योजना की राशि दिलाने के नाम पर गरीब आदिवासी से 18 हजार की ठगी
कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ, जनपद पंचायत भैंसदेही में शिकायत
संबल योजना की राशि दिलाने के नाम पर गरीब आदिवासी से 18 हजार की ठगी
कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ, जनपद पंचायत भैंसदेही में शिकायत

बैतूल। संबल योजना में गरीबों को राहत देने के बजाय ठगी करने वालों की सक्रियता बढ़ गई है। जिले के भैंसदेही तहसील के चिल्कापुर गांव में हाल ही में ऐसा मामला सामने आया है, जहां एक आदिवासी किसान से 18 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई।
चिल्कापुर निवासी शिकायतकर्ता गोपाल पिता सोनाजी कोरकू ने आरोप लगाया है कि धनराज पिता बाबूलाल तेली ने संबल योजना की सहायता राशि दिलाने के नाम पर उनसे यह रकम वसूली। गोपाल ने बताया कि उनकी बेटी की बिजली करंट लगने से मौत हो गई थी। ग्राम पंचायत ने अंत्येष्टि के लिए उन्हें संबल योजना के तहत 5 हजार रुपये दिए। उसी दिन धनराज उनके घर पहुंचा और कहा कि यह राशि उसने दिलवाई है, जिसके बदले उसे एक हजार रुपये देने होंगे। गोपाल ने मजबूरी में यह रकम दी। इसके बाद धनराज ने कहा कि वह शासन से और अनुग्रह राशि दिलाएगा, जिसके लिए उसने 15 हजार रुपये मांगे। गरीब और अनपढ़ होने के कारण गोपाल ने यह रकम भी दे दी। बाद में पुलिसवालों को पैसे देने का बहाना बनाकर धनराज ने 2 हजार रुपये और वसूले।
50 हजार की मांग से खुली पोल
धनराज ने बाद में 50 हजार रुपये की मांग की, जिसके बाद गोपाल को उस पर संदेह हुआ। उन्होंने पैसे देने से इनकार कर दिया और पूरे मामले की शिकायत कलेक्टर बैतूल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और जनपद पंचायत भैंसदेही से की।
अन्य ग्रामीणों से भी की ठगी
गोपाल ने बताया कि धनराज ने केवल उनसे ही नहीं, बल्कि अन्य भोले-भाले ग्रामीणों से भी इसी प्रकार की ठगी की है। गरीब और अनपढ़ लोगों को शासन की योजनाओं के नाम पर गुमराह किया जा रहा है।शिकायतकर्ता ने मांग की है कि धनराज से उनकी 18 हजार रुपये की राशि वापस दिलाई जाए और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
