Betul News:चिचोली में जर्जर ट्रांसफार्मर और खंभे बने खतरा
चिचोली में जर्जर ट्रांसफार्मर और खंभे बने खतरा
बिजली कंपनी और नगर परिषद पर लापरवाही के आरोप
नगर परिषद चिचोली वार्ड क्रमांक 15 की पार्षद नेहा रूपेश आर्य ने की शिकायत

बैतूल। चिचोली नगर परिषद क्षेत्र में बिजली व्यवस्था की हालत बदहाल होती जा रही है। नगर के विभिन्न वार्डों में लगे बिजली के खंभे जर्जर हो चुके हैं, कई खंभे बारिश के दौरान गिर भी चुके हैं, जिससे यातायात बाधित हुआ और छोटी-मोटी दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। बाजार चौक सहित कई प्रमुख चौराहों पर लगे ट्रांसफार्मरों की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि वे कभी भी बड़े हादसे को न्योता दे सकते हैं। नगर परिषद चिचोली वार्ड क्रमांक 15 की पार्षद नेहा रूपेश आर्य ने इस मामले में कलेक्टर को ज्ञापन देकर इस समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि नगर में जगह-जगह लगे खंभे और ट्रांसफार्मर जर्जर हो चुके हैं, खुले तारों से हर समय दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। कई बार इस मुद्दे को नगर परिषद की बैठकों में उठाया गया, लेकिन परिषद और बिजली कंपनी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर इससे बचते रहे। बाजार चौक का ट्रांसफार्मर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिसके अंदर की केबलें खुली पड़ी हैं, जिससे हर समय खतरा बना हुआ है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार प्रशासन को अवगत कराया गया, समाचार पत्रों में भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों का आरोप है कि जब तक कोई बड़ा हादसा नहीं होगा, तब तक जिम्मेदार इस ओर ध्यान नहीं देंगे।पार्षद नेहा रूपेश आर्य ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार चौक में स्थित ट्रांसफार्मर का शीघ्र स्थानांतरण किया जाए, सभी जर्जर खंभों को बदला जाए और खराब ट्रांसफार्मरों की मरम्मत का कार्य तुरंत शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आम जनता के लिए यह समस्या और भी विकराल रूप ले सकती है।
