Betul News:कालापाठा क्षेत्र में दीवार निर्माण को लेकर विरोध

कलेक्टर नगर पालिका सीएमओ से शिकायत वार्ड वासियों का आरोप - दीवार बनवाकर अपराध को न्योता दे रहे जिम्मेदार

कालापाठा क्षेत्र में दीवार निर्माण को लेकर विरोध

कलेक्टर नगर पालिका सीएमओ से शिकायत वार्ड वासियों का आरोप – दीवार बनवाकर अपराध को न्योता दे रहे जिम्मेदार

बैतूल। शहर के कालापाठा क्षेत्र में बिना सड़क और मूलभूत सुविधाओं के पार्षद पति द्वारा दीवार निर्माण शुरू करवा दिए जाने पर वार्डवासियों ने नाराजगी जताई है। स्थानीय लोगों ने कलेक्टर और सीएमओ को ज्ञापन सौंपकर कहा कि इस निर्माण से असामाजिक गतिविधियां और अपराध बढ़ेंगे।लोगों ने आशंका जताई कि यह दीवार अपराधियों के छिपने का अड्डा बन सकती है, जिससे वार्डवासी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि वार्ड में सड़क, नाली जैसी जरूरी सुविधाएं की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है बल्कि अपने निजी हित के लिए विवादित दीवार खड़ी की जा रही है। ज्ञापन में दीवार निर्माण पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है, साथ ही इस क्षेत्र में बढ़ रही असामाजिक गतिविधियों को लेकर गंभीर चिंता जताई गई है।वार्डवासियों ने कहा कि यह दीवार उन स्थानों पर बनाई जा रही है जो काली चट्टान क्षेत्र के करीब हैं, जहां पहले से ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। इस दीवार की आड़ में अपराध और असामाजिक गतिविधियां और बढ़ेंगी जिससे भविष्य में कोई गंभीर वारदात भी हो सकती है।इस मामले को लेकर सतीश माकोड़े, शिवकुमार, अनिल सोलंकी, अनिल चोलिया, साकेत परसाई, रीता माकोड़े, हर्षा अग्रवाल, उज्जवल अग्रवाल, प्रशांत, अर्पित, नेहा सहित अन्य वार्डवासियों ने मिलकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने प्रशासन से स्पष्ट शब्दों में कहा कि पहले क्षेत्र को मूलभूत सुविधाएं दी जाएं और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, उसके बाद किसी भी तरह का निर्माण कार्य किया जाए।

ज्ञापन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक को भी सौंपी गई है ताकि यदि भविष्य में किसी प्रकार की अपराध की स्थिति बनती है, तो उसकी जिम्मेदारी समय रहते तय की जा सके। लोगों ने कहा कि इस क्षेत्र में वर्षों से सड़क तक नहीं बनाई गई है, लेकिन पार्षद पति और नगरपालिका दीवार बनाने जैसे गैरजरूरी कार्यों में पैसे खर्च कर रहे हैं, जिससे आम जनता का भला नहीं हो रहा।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.