Police News:ड्यूटी के बाद रंगों में रंगे पुलिसकर्मी तीन दिन की मुस्तैदी के बाद बैतूल पुलिस ने मनाई होली, थानों में उड़ा रंग-गुलाल

 ड्यूटी के बाद रंगों में रंगे पुलिसकर्मी तीन दिन की मुस्तैदी के बाद बैतूल पुलिस ने मनाई होली, थानों में उड़ा रंग-गुलाल

बैतूल। जिले में होली और धुरेंडी के दौरान लगातार तीन दिनों तक कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने के बाद गुरुवार को पुलिसकर्मियों ने भी अपने अंदाज में होली का त्योहार मनाया। शहर के कोतवाली और गंज थाने में पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर खुशियां साझा कीं और त्योहार की बधाई दी।इस दौरान थानों का माहौल पूरी तरह रंगों से सराबोर नजर आया। पुलिसकर्मी, जो पिछले कई दिनों से त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में व्यस्त थे, उन्होंने ड्यूटी पूरी होने के बाद आपसी भाईचारे और उत्साह के साथ होली का आनंद लिया।इस वर्ष होलिका दहन दो अलग-अलग तिथियों पर होने और उसके बाद धुरेंडी का पर्व पड़ने के कारण जिले में पुलिस बल को लगातार तीन दिनों तक मुस्तैदी से तैनात रहना पड़ा। भीड़-भाड़ वाले इलाकों, संवेदनशील स्थानों और मुख्य बाजारों में पुलिस की विशेष निगरानी रही, जिससे त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

 पुलिस लाइन का सामूहिक आयोजन नहीं हो सका

oplus_33

हर वर्ष पुलिस लाइन में होने वाला पारंपरिक सामूहिक होली मिलन समारोह इस बार आयोजित नहीं हो पाया। बताया जा रहा है कि वरिष्ठ अधिकारियों की अस्वस्थता के कारण इस कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ा। हालांकि इससे जवानों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई और उन्होंने अपने-अपने थानों में ही रंगों के साथ त्योहार मनाया। त्योहार के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने के बाद जब जवानों को होली खेलने का अवसर मिला तो माहौल खुशियों से भर गया। पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर और मिठाई बांटकर त्योहार की शुभकामनाएं दीं।त्योहार के दौरान पुलिस की मुस्तैदी के कारण जिले में होली और धुरेंडी का पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने भी कुछ पल सुकून और रंगों के साथ बिताए।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.