Betul News:मलकापुर रोड पर धड़ल्ले से अवैध रेत परिवहन, खनिज विभाग मौन
दिनदहाड़े दौड़ रहे रेत से भरे ट्रैक्टर, प्रशासनिक कार्रवाई पर उठे सवाल
मलकापुर रोड पर धड़ल्ले से अवैध रेत परिवहन, खनिज विभाग मौन
दिनदहाड़े दौड़ रहे रेत से भरे ट्रैक्टर, प्रशासनिक कार्रवाई पर उठे सवाल

बैतूल। जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन पर रोक लगाने के दावे भले ही प्रशासन करता हो, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। इसका जीता-जागता उदाहरण मलकापुर रोड पर देखने को मिल रहा है, जहां दिनदहाड़े ट्रैक्टरों के माध्यम से रेत का अवैध परिवहन धड़ल्ले से किया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि इस पूरे मामले में खनिज विभाग पूरी तरह मौन नजर आ रहा है।स्थानीय सूत्रों के अनुसार मलकापुर क्षेत्र से रेत का अवैध परिवहन कोई नई बात नहीं है। बताया जा रहा है कि यह गतिविधि काफी लंबे समय से लगातार चल रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मलकापुर रोड से कई ट्रैक्टर रोजाना रेत भरकर गुजरते हैं। यह परिवहन दिन के समय भी बिना किसी डर के किया जा रहा है, जिससे साफ संकेत मिलता है कि अवैध कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं।स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि प्रशासन और खनिज विभाग वास्तव में सक्रिय होता तो इतने लंबे समय तक इस तरह का अवैध परिवहन संभव नहीं हो पाता।रेत का अवैध खनन और परिवहन न केवल पर्यावरण के लिए नुकसानदायक है, बल्कि इससे सरकार को भी राजस्व की भारी क्षति होती है। बावजूद इसके जिम्मेदार विभागों की निष्क्रियता कई सवाल खड़े कर रही है।मलकापुर रोड का यह मामला एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर रहा है कि आखिर बैतूल प्रशासन की निगरानी व्यवस्था कितनी प्रभावी है। जब मुख्य मार्गों पर ही अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर खुलेआम दौड़ रहे हैं, तो दूरदराज के क्षेत्रों की स्थिति का अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।अब देखना यह होगा कि खबर सामने आने के बाद खनिज विभाग और जिला प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाते हैं, या फिर यह अवैध कारोबार इसी तरह जारी रहेगा।
