Crime News:ज्योति महोबिया सुसाइड केस में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल, आरोपी की गिरफ्तारी अब तक नहीं

ज्योति महोबिया सुसाइड केस में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल, आरोपी की गिरफ्तारी अब तक नहीं!

हरदा। जिले में चर्चित ज्योति महोबिया सुसाइड मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी योगेश उर्फ रिंकू गोर के खिलाफ मामला दर्ज होने के बावजूद अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं की गई है।बताया जा रहा है कि ज्योति महोबिया स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) हरदा में उपयंत्री के पद पर पदस्थ थीं। उसी विभाग से जुड़े नल-जल योजना के ठेकेदार रिंकू गोर पर आरोप है कि उसने ज्योति को शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण किया, साथ ही गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकियां दीं। आरोप है कि इन लगातार प्रताड़नाओं से परेशान होकर ज्योति ने आत्महत्या जैसा गंभीर कदम उठा लिया।घटना 22 मार्च की बताई जा रही है, जब ज्योति ने विनायक सिटी कॉलोनी, हरदा में आत्महत्या कर ली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज तो कर लिया, लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो समाज के लोग एकजुट होकर आंदोलन करेंगे।परिजनों का यह भी कहना है कि आरोपी पिछले 5-6 वर्षों से ज्योति को प्रताड़ित कर रहा था। इतना ही नहीं, बीते वर्ष 6 अगस्त को भी ज्योति ने आत्महत्या का प्रयास किया था, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस मामले से जुड़ा एक आवेदन भी सामने आया है, जो कथित तौर पर महिला थाना प्रभारी के नाम से है और जिसे परिजनों ने मीडिया को उपलब्ध कराया है। इधर, भीम आर्मी के संभागीय अध्यक्ष महेंद्र काशिव ने भी मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी में हो रही देरी सवाल खड़े करती है। उन्होंने बताया कि पुलिस से बातचीत में यह कहा गया है कि आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की गई है।वहीं, इस पूरे मामले पर हमारे स्थानीय संवाददाता ने एसडीओपी शालिनी परस्ते से बात करी तो उनका का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और उसकी तलाश लगातार जारी है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.