Betul News: नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान का बैतूल में शुभारंभ
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने दिखाई जागरूकता रैली को हरी झंडी, नशा-मुक्त समाज के निर्माण का दिया संदेश
नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान का बैतूल में शुभारंभ
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने दिखाई जागरूकता रैली को हरी झंडी, नशा-मुक्त समाज के निर्माण का दिया संदेश

बैतूल। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ बुधवार को जिला मुख्यालय बैतूल में किया गया। अभियान के पहले दिन पुलिस ग्राउंड से विशाल जागरूकता रैली निकाली गई, जिसे पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।रैली में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी, खिलाड़ी, मीडिया प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। रैली पुलिस ग्राउंड से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। इस दौरान प्रतिभागियों ने “नशे से दूरी है ज़रूरी” और “Say No To Drugs” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया तथा नशा-मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे, एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम, डीएसपी (अजाक) शैफा हाशमी, रक्षित निरीक्षक दिनेश मार्सकोले, सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट निरीक्षक आबिद अंसारी, कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया, गंज थाना प्रभारी नीरज पाल, उप निरीक्षक नवीन सोनकर, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी एवं खिलाड़ी, मीडिया प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए गंभीर चुनौती है। इससे बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम जागरूकता, जनभागीदारी और सामूहिक प्रयास हैं। उन्होंने युवाओं, अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अभियान से जुड़कर नशा-मुक्त बैतूल के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।उन्होंने कहा कि यह केवल पुलिस का अभियान नहीं, बल्कि पूरे समाज का अभियान है। यदि प्रत्येक नागरिक नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प ले, तो समाज को इस बुराई से मुक्त किया जा सकता है।जिला पुलिस द्वारा संचालित यह अभियान 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक चलेगा। इस दौरान जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं विभिन्न संस्थानों में जागरूकता रैली, शपथ ग्रहण, व्याख्यान, प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक, जनसंवाद और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए “Say No To Drugs” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं और नशा-मुक्त बैतूल एवं नशा-मुक्त मध्यप्रदेश के निर्माण में अपना योगदान दें।
