Betul News:घटिया निर्माण की खबर करने गए पत्रकार से अभद्रता दी जान से मारने की धमकी ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग
सूर्य नारायण सरोवर के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठाए सवाल, पुलिस और नगर पालिका को अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग
घटिया निर्माण की खबर करने गए पत्रकार से अभद्रता दी जान से मारने की धमकी ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग
सूर्य नारायण सरोवर के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठाए सवाल, पुलिस और नगर पालिका को अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग

मुलताई। नगर के पत्रकार एवं एआईएमआईएम विधानसभा अध्यक्ष अल्ताफ अहमद ने सूर्य नारायण सरोवर में चल रहे निर्माण कार्य में अनियमितताओं और गुणवत्ता संबंधी शिकायतों को लेकर पुलिस एवं नगर पालिका प्रशासन को अलग-अलग ज्ञापन सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य की कवरेज के दौरान ठेकेदार और उसके साथियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए जान से मारने की धमकी दी।अल्ताफ अहमद के अनुसार, वे सूर्य नारायण सरोवर में निर्माण कार्य का निरीक्षण एवं समाचार संकलन करने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि ठेकेदार दिनेश सरोदे एवं उसके साथ मौजूद लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की, अभद्र भाषा का प्रयोग किया और दोबारा मौके पर आने पर जान से मारने तथा झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी।इस संबंध में उन्होंने थाना प्रभारी मुलताई को ज्ञापन सौंपकर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।वहीं नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू सिंह परमार एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी को दिए गए अलग ज्ञापन में अल्ताफ अहमद ने आरोप लगाया कि सूर्य नारायण सरोवर में चल रहा निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य की तकनीकी एवं निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने तथा निर्माण कार्य में किए गए भुगतान का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की है।अल्ताफ अहमद ने कहा कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के साथ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
