Betul News:बाबा साहब डॉ. आंबेडकर की तस्वीर के अपमान पर केस दर्ज, आरोपी पर एससी/एसटी एक्ट की कार्रवाई
बाबा साहब डॉ. आंबेडकर की तस्वीर के अपमान पर केस दर्ज, आरोपी पर एससी/एसटी एक्ट की कार्रवाई

बैतूल। जहां एक ओर पूरे देश में डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती धूमधाम से मनाई जा रही है, वहीं मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में बाबासाहेब अंबेडकर की तस्वीर के साथ आपत्तिजनक हरकत किए जाने के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के विरोध में बहुजन समाज के लोगों ने एकजुट होकर थाने का घेराव किया और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुलताई क्षेत्र के वंडली गांव निवासी एक युवक ने बाबा साहब की तस्वीर के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए वीडियो बनाया, जिसमें वह फोटो पर लात-जूते मारते नजर आ रहा है। इतना ही नहीं, वीडियो में आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हुए बाबा साहब को लेकर गलत बयानबाजी भी की गई। इस वीडियो को आरोपी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।वीडियो सामने आते ही बहुजन समाज और आंबेडकर अनुयायियों में भारी नाराजगी फैल गई। बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होकर मुलताई थाने पहुंचे, जहां उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस तरह की हरकत न केवल एक महान व्यक्तित्व का अपमान है, बल्कि समाज की भावनाओं को भी आहत करती है, जिसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।आक्रोशित लोगों ने मुलताई एसडीओपी एस. के. सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। उन्होंने मांग की कि आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। वही आरोपी को पकड़ने के लिए टीम भेजी है।
