Betul News:खाकी पर दाग! 1 लाख दो, वरना चोर बनो’: आठनेर पुलिस की डीलिंग!
खाकी पर दाग! 1 लाख दो, वरना चोर बनो’: आठनेर पुलिस की डीलिंग!

आठनेर। बात खरी खरी बैतूल जिले का आठनेर थाना क्षेत्र इन दिनों पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सुर्खियों में है। लेकिन यह चर्चा किसी बहादुरी के लिए नहीं, बल्कि वर्दी की आड़ में चल रहे ‘उगाही के खेल’ को लेकर है। आरोप है कि यहाँ कानून की रक्षा करने वाले ही ‘सेटमेंट’ की मेज सजाकर बैठे हैं। मामला एक बड़ी चोरी से जुड़ा है, जिसमें असली गुनहगारों को सलाखों के पीछे भेजने के बजाय, एक निर्दोष युवक को ‘बलि का बकरा’ बनाने की धमकी देकर लाखों की डिमांड की गई है।क्या है पूरा मामला? सूत्रों के अनुसार, आमला से आठनेर पहुंचे एक उपनिरीक्षक की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में हुई कई किलोमीटर लंबे तार की चोरी के मामले में तफ्तीश कर रहे एसआई ने कानून की किताब छोड़, वसूली का कैलकुलेटर थाम लिया। धमकी भरा फरमान पैसे लाओ या जेल जाओ’ पीड़ित पक्ष और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, एसआई ने एक युवक को इस मामले में फंसाने का जाल बुना। चौंकाने वाली बात यह है कि युवक को आधिकारिक तौर पर थाने बुलाने के बजाय, साहब सीधे उसके घर जा धमके। प्राइवेट मीटिंग का दबाव आरोप है कि युवक को अकेले में मिलने के लिए बुलाया गया। डरा-धमकाकर सीधे तौर पर 1 लाख रुपये की मांग की गई साफ कह दिया गया कि यदि रकम नहीं मिली, तो उसे इस बड़ी चोरी का मुख्य आरोपी बना दिया जाएगा। इतनी बड़ी वारदात, जिसमें कई किलोमीटर तार चोरी हुआ हो, क्या वो किसी एक व्यक्ति का काम हो सकता है? पुलिस असली गिरोह तक क्यों नहीं पहुँच रही?
सवालों के घेरे में जांच
जानकारों का कहना है कि किलोमीटर भर लंबा तार चोरी करना किसी एक इंसान के बस की बात नहीं है। इसके लिए पूरे गैंग और बड़े वाहनों की जरूरत होती है। ऐसे में एक अकेले युवक पर दबाव बनाना पुलिस की मंशा पर गहरे सवाल खड़े करता है।क्या असली आरोपियों को बचाने के लिए यह पूरी पटकथा लिखी गई है?क्या आठनेर में अब न्याय का पैमाना ‘रुपयों की गड्डी’ तय करेगी?
नोट: इस खबर में लगाए गए सभी आरोप स्थानीय सूत्रों और पीड़ित पक्ष के दावों पर आधारित हैं। हम निष्पक्ष पत्रकारिता के सिद्धांतों का पालन करते हुए इस मामले में संबंधित पुलिस अधिकारी का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से स्थान देंगे। फिलहाल, इस मामले ने जिले के पुलिस महकमे में खलबली मचा दी है।
