Betul News:गोंडवाना एक्सप्रेस में चढ़ते समय फिसली महिला,प्रधान आरक्षक की बहादुरी, बड़ा हादसा टला
गोंडवाना एक्सप्रेस में चढ़ते समय फिसली महिला,प्रधान आरक्षक की बहादुरी, बड़ा हादसा टला

बैतूल। गुरुवार को बैतूल रेलवे स्टेशन पर उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब ट्रेन नंबर 12409 गोंडवाना एक्सप्रेस से एक महिला यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिर गई। मौके पर ड्यूटी में तैनात प्रधान आरक्षक कुलवंत सिंह ने अपनी जान जोखिम में डालकर महिला की जान बचाई।जानकारी के अनुसार महिला यात्री प्रमिला शर्मा पति विनेश कुमार शर्मा, उम्र 45 वर्ष, निवासी सिहानी रोड विश्वास नगर गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश), अपने परिवार के साथ रायपुर से निजामुद्दीन तक यात्रा कर रही थीं। उनके पास जनरल टिकट नंबर AXA 99693715 एवं AXA 99693716 था।बताया गया कि गोंडवाना एक्सप्रेस का बैतूल स्टेशन पर आगमन 4:38 बजे हुआ था तथा ट्रेन 4:40 बजे रवाना होने लगी। इसी दौरान प्रमिला शर्मा पानी लेने के लिए प्लेटफॉर्म पर उतरी थीं। ट्रेन चलने पर उन्होंने वापस चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन हैंडल से हाथ छूट जाने के कारण वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिर गईं और घिसटने लगीं।घटना को देखते ही प्लेटफॉर्म पर तैनात प्रधान आरक्षक कुलवंत सिंह तुरंत दौड़े और अपनी जान जोखिम में डालकर महिला यात्री को बाहर खींच लिया। इस दौरान महिला यात्री के पैर की एड़ी में गंभीर चोट आई, जबकि प्रधान आरक्षक कुलवंत सिंह के घुटने और कोहनी पर भी हल्की चोटें आईं।घटना के बाद ट्रेन मैनेजर पी.के. दांगी (नागपुर) द्वारा वैक्यूम लगाकर ट्रेन को रोका गया। इसके बाद ट्रेन को शाम 4:46 बजे रवाना किया गया।घायल महिला को एएसआई मिश्रा के साथ ऑटो से जिला अस्पताल बैतूल भेजा गया, जहां डॉ. अशोक उइके द्वारा उनका उपचार जारी है घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने प्रधान आरक्षक कुलवंत सिंह की बहादुरी और तत्परता की सराहना की।
