Betul lok sabha seat:भाजपा प्रत्याशी डीडी उइके की रिकॉर्ड जीत, नोटा चौथे नंबर पर
भाजपा प्रत्याशी डीडी उइके की रिकॉर्ड जीत, नोटा चौथे नंबर पर

बैतूल। बैतूल-हरदा-हरसूद संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डीडी उइके जीत गए हैं। उन्होंने रिकॉर्ड 3 लाख, 80 हजार, 598 वोटों से जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी रामू टेकाम को दूसरी बार भारी अंतर से हराया।भाजपा प्रत्याशी डीडी उइके को इस चुनाव में 855838 मत प्राप्त हुए हैं। जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के रामू टेकाम को 475240 मत प्राप्त हुए हैं। इस तरह बैतूल संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी ने 3 लाख, 80 हजार, 598 मतों से जीत दर्ज की और नया रिकॉर्ड बनाया।
नोटा को मिले 20444 मत
विजयी और पराजित प्रत्याशी के बाद तीसरे नंबर पर बसपा प्रत्याशी अर्जुन अशोक भलावी रहे। उन्हें 26830 मत प्राप्त हुए हैं। वहीं चौथे नंबर पर नोटा रहा। नोटा का बटन दबाने वाले मतदाताओं की संख्या 20444 रही। इससे जाहिर हैं कि इतने मतदाताओं ने चुनाव में खड़े एक भी प्रत्याशी को पसंद नहीं किया।
अन्य प्रत्याशियों की स्थिति
इनके अलावा भारत आदिवासी पार्टी के अनिल उइके को 10687, स्वतंत्र किसान पार्टी के सुभाष बारस्कर को 3861, गोंगपा के सुनेर उइके को 4205, निर्दलीय प्रत्याशी भागचरण वरकड़े को 6023, भूरेलाल बेठेकर को 7859 मत मिले हैं।
हेमंत ने कराया मुंह मीठा

जीत के बाद भाजपा कार्यालय में बड़ी संख्या में मौजूद समर्थकों ने सांसद को पुष्पहार पहनाकर बधाई दी। दोपहर तक प्रदेश भाजपा कार्यालय में बैठकर प्रदेश की सभी सीटों के परिणाम की जानकारी लेने के बाद शाम को बैतूल पहुंचे विधायक हेमंत खंडेलवाल ने भी भाजपा कार्यालय में सांसद दुर्गादास उइके को बधाई दी और उनका मुंह मीठा कराया।
एमपी में भाजपा ने रचा इतिहास : हेमंत
लोकसभा निर्वाचन 2024 में बैतूल, हरदा, हरसूद संसदीय क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी डीडी उईके ने 3 लाख 80 हजार 598 वोटों से जीत दर्ज कराकर रिकॉर्ड कायम किया है। साथ ही मध्यप्रदेश में सभी 29 सीटों पर चुनाव जीतकर भाजपा ने नया इतिहास रचा है।
इनके नेतृत्व में ऐतिहासिक सफलता
मप्र लोकसभा चुनाव संयोजक और बैतूल विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्ढा, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा के नेतृत्व में मप्र में भाजपा को ऐतिहासिक सफलता मिली है।
