Betul News:कलेक्टर के शिकायतो के निराकरण के निर्देश के बावजूद सुस्त बैतूल नपा अमला
कलेक्टर के शिकायतो के निराकरण के निर्देश के बावजूद सुस्त बैतूल नपा अमला
नपा की दुकान के इंफ्रास्ट्रेक्चर में फेरबदल की शिकायत पर कार्रवाई नहीं

बैतूल। कलेक्टर के विभागों में आने वाली शिकायतो के मामले में गंभीरता दिखाने और इनका जल्द से जल्द कार्रवाई और निराकरण करने के निर्देशो के बावजूद नगर पालिका परिषद सीएमओ शिकायतों के निराकरण में कोई पहल नहीं कर रहे हैं।शिकायत के दो से तीन माह तक होने के बावजूद ना तो शिकायत का निराकरण हो रहा और ना ही परिषद की शाखा के प्रभारी के खिलाफ कोई एक्शन लिया जा रहा है। नपा सीएमओ सुस्त रवैया अपना रहे हैं। उल्लेखनीय है कि बैतूल के कोठी बाजार विहार कांप्लेक्स में स्थित दुकान क्रमांक 30 में इंफ्रास्ट्रेक्चर को नुकसान पहुंचाकर फेरबदल किए जाने की शिकायत तीन माह पूर्व एडवोकेट प्रदीप कुमार ने की थी। उन्होंने अपनी शिकायत में दुकान नीलामी अनुबंध कंडिका 7 व 8 का उलंघन होने की बात रखी थी। उन्होंने बताया था कि इस दुकान में पक्का सीमेंट लोहे का लेटर डालकर दो हिस्सो में बांट दिया गया है। इसके अलावा दुकान में फ्लोर की खुदाई कर तलघर बना लिया गया है। इसमें बकायदा मशीनें रखकर संचालन किया जा रहा है। इस तरह दुकान में फेरबदल करने से नपा के अनुबंध का उल्लंघन हो रहा है। इससे नपा की संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है। कांप्लेक्स में तलघर जैसी खुदार्इ कर मशीनें संचालित करने से वाइब्रेशन पैदा हो रहा है। इससे कांप्लेक्स की नींव को नुकसान पहुंच रहा है। दुकानदार अनुबंध नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। इसके अलावा दुकान के सामने के हिस्से को तोड़कर अपनी सुविधा अनुसार कर लिया गया है। सम्बंधित दुकान संचालक बेख़ौफ़ इस तरह के कामों को अंजाम दे रहा है। इसके बावजूद नपा के जिम्मेदार कोई रोक टोक नहीं करते हैं। अब तक संबंधित दुकान निरीक्षण कर उसके खिलाफ कोई एक्शन तक नहीं लिया गया। जबकि अनुबंध व कानूनी नियमों का लगातार उलंघन किया जा रहा है। इस तरह अनुबंधित दुकान में फेरबदल करने पर कोई कार्रवाई नहीं होने से दूसरे दुकानदार को नियम निर्देश का पालन नहीं करने का बल मिलेगा, वे भी नियम निर्देश का उल्लंघन करेंगे, ऐसे में अनुबन्ध कानून का कोई औचित्य नहीं रहेगा। एडवोकेट प्रदीप कुमार ने इस शिकायत पर कार्रवाई किए जाने दुकान संचालक के खिलाफ एक्शन लिए जाने व दुकान को पूर्व नक्शे के अनुसार व्यवस्थित करवाए जाने का आग्रह किया है। इधर नपा सीएमओ ओमकार भदौरिया का कहना है कि वे शीघ्र ही इस शिकायत को दिखवाकर नियम का उल्लघन करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे औऱ दुकान में फेरबदल को पूर्व की तरह करवाया जाएगा।
