Harda News:कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 54.76 ग्राम एमडी ड्रग्स, कार और नगदी सहित दो आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 54.76 ग्राम एमडी ड्रग्स, कार और नगदी सहित दो आरोपी गिरफ्तार

हरदा। जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 54.76 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) पाउडर, एक कार तथा नगद राशि बरामद की है। जब्त किए गए मशरूका की कुल कीमत लगभग 15 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक हरदा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी हरदा के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 19 जून 2026 को कोतवाली थाना पुलिस इलाका गश्त पर थी। गश्त के दौरान कैदी ढाबा के सामने रात के समय एक संदिग्ध फ्रॉन्क्स कार क्रमांक MP-04 YS-4731 खड़ी दिखाई दी।
पुलिस को वाहन और उसमें बैठे व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार में बैठे दो व्यक्तियों के कब्जे से 54.76 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी (मेफेड्रोन) पाउडर बरामद किया गया। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
कार और नकदी भी जब्त
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त फोर्ड कार, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है, को भी जब्त कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी रामेश्वर मुड़ेल ने कार की पिछली सीट के नीचे 69 हजार 500 रुपये छिपाकर रखने की जानकारी दी। वहीं दूसरे आरोपी विनोद यादव उर्फ बबलू यादव ने ड्राइवर सीट के पीछे कवर के अंदर 43 हजार 200 रुपये छिपाकर रखने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के बताए अनुसार कुल 1 लाख 12 हजार 700 रुपये नकद बरामद कर जब्त किए हैं।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं
- रामेश्वर पिता राम भरोस मुड़ेल (47 वर्ष) निवासी ग्राम गोयत, थाना टिमरनी, जिला हरदा।
- विनोद पिता कोदर यादव उर्फ बबलू यादव (48 वर्ष) निवासी ग्राम रोलगांव, थाना सिराली, जिला हरदा।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली हरदा में अपराध क्रमांक 408/26 के तहत धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपियों से बरामद मादक पदार्थ के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में मारपीट से संबंधित मामले भी दर्ज हैं।
इन अधिकारियों और कर्मचारियों की रही सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में सउनि जितेंद्र राजपूत, सउनि सुरेन्द्र श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक हरिप्रसाद पटेल, आरक्षक प्रदीप मालवीय, आरक्षक सजन राजपूत, आरक्षक नीलेश पटेल, साइबर सेल के आरक्षक कमलेश सिंह परिहार एवं आरक्षक लोकेश सातपुते की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
