Bar Council News:बैतूल जिला न्यायालय में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ स्टेट बार काउंसिल चुनाव, अधिवक्ताओं में दिखा उत्साह
बैतूल जिला न्यायालय में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ स्टेट बार काउंसिल चुनाव, अधिवक्ताओं में दिखा उत्साह

बैतूल। जिला न्यायालय परिसर में मंगलवार को मध्य प्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद (स्टेट बार काउंसिल) चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई। सुबह 10 बजे शुरू हुई वोटिंग शाम 5 बजे तक चली। पूरे दिन न्यायालय परिसर में चुनावी माहौल, वकीलों की आवाजाही और चुनावी चर्चाओं का दौर जारी रहा।
इस चुनाव में भोपाल सहित प्रदेशभर से 122 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें कई वरिष्ठ और चर्चित अधिवक्ता शामिल हैं। बैतूल जिले में अधिवक्ताओं ने 20 प्रत्याशियों के लिए अपने मताधिकार का उपयोग किया। चुनाव के माध्यम से राज्य अधिवक्ता परिषद में 18 पुरुष और 7 महिला सदस्यों का चयन किया जाना है।
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे। अधिवक्ताओं को मतदान के लिए राज्य अधिवक्ता परिषद अथवा जिला बार संघ द्वारा जारी पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य किया गया था। बिना पहचान पत्र किसी को भी मतदान केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया।

प्रदेशभर में करीब 88 हजार अधिवक्ताओं ने मतदान किया। वहीं बैतूल जिला न्यायालय परिसर में प्रत्याशी और उनके समर्थक दिनभर मतदाताओं से संपर्क करते नजर आए। कई वरिष्ठ अधिवक्ता समूहों में चुनावी चर्चा करते दिखाई दिए, जबकि युवा वकीलों में भी मतदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
