Betul News:धौल ढाना- साकादेही मार्ग बना जानलेवा ग्रामीणों ने केंद्रीय राज्यमंत्री से रोड स्वीकृत करने की मांग की

धौल ढाना- साकादेही मार्ग बना जानलेवा
ग्रामीणों ने केंद्रीय राज्यमंत्री से रोड स्वीकृत करने की मांग की

बैतूल। ब्लाक बैतूल की ग्राम पंचायत कल्याणपुर के धौल ढाना से साकादेही मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में है। कच्ची और गहरे गड्ढों से भरी यह सड़क अब लोगों की जान के लिए भी खतरा बनती जा रही है। हाल ही में सामने आए एक मामले ने इस मार्ग के निर्माण की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
भाजपा नेता रतन भलावी ने बताया कि वे अपनी गंभीर रूप से बीमार मां समोती भलावी को उपचार के लिए बैतूल लेकर जा रहे थे। रास्ता बेहद खराब होने के कारण वाहन को धीमी गति से चलाना पड़ा, जिससे अस्पताल पहुंचने में काफी देरी हुई। इस दौरान उनकी मां की तबीयत और अधिक बिगड़ गई। उन्होंने बताया कि बड़ी मुश्किलों और जद्दोजहद के बाद किसी तरह उन्हें अस्पताल पहुंचाया जा सका, जिससे उनकी जान बच सकी।
ग्रामीणों का कहना है कि धौल ढाना से साकादेही मार्ग के निर्माण और स्वीकृति के लिए वे कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से निवेदन कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। खराब सड़क के कारण प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिलाओं, गंभीर मरीजों और अन्य जरूरतमंद लोगों को अस्पताल तक पहुंचाना हर बार चुनौती बन जाता है।
रतन भलावी और क्षेत्र के ग्रामीणों ने केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके से आग्रह किया है कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को गंभीरता से देखते हुए धौल ढाना से साकादेही मार्ग को शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सड़क का निर्माण नहीं हुआ तो भविष्य में किसी और की जान भी खतरे में पड़ सकती है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.