Betul News:मां करती थी रेकी, पत्नी की मदद से पति देता था वारदात को अंजाम; तीन आरोपी गिरफ्तार, करीब 8 लाख का माल बरामद
मां करती थी रेकी, पत्नी की मदद से पति देता था वारदात को अंजाम; तीन आरोपी गिरफ्तार, करीब 8 लाख का माल बरामद

बैतूल/सारणी। सारणी थाना क्षेत्र की शोभापुर कॉलोनी में रात के समय घर का दरवाजा काटकर चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने घर में सो रही महिला के गले से सोने की चैन और हाथ से दो सोने के कंगन चोरी किए थे। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 8 लाख रुपये कीमत की सामग्री बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक घटना 29 सितंबर 2026 की रात करीब 3 से 3:30 बजे की है। फरियादी डी. नंदकुमार, जो डब्ल्यूसीएल पाथाखेड़ा में चीफ मैनेजर माइनिंग के पद पर कार्यरत हैं, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी मां के चिल्लाने की आवाज सुनकर वे जागे। इसी दौरान पता चला कि अज्ञात व्यक्ति घर के पीछे का दरवाजा काटकर अंदर दाखिल हुआ और पूजा वाले कमरे में सो रही उनकी मां के हाथ से दो सोने के कंगन तथा गले से सोने की चैन काटकर फरार हो गया।मामले में थाना सारणी में अपराध क्रमांक 338/26, धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वैज्ञानिक साक्ष्य और डॉग एस्कॉर्ट से जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट निरीक्षक आबिद अंसारी ने डॉग एस्कॉर्ट के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक ने स्वयं भी घटनास्थल पहुंचकर पीड़िता से जानकारी ली और मामले का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे एवं एसडीओपी सारणी प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में थाना सारणी पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।
पूछताछ में सामने आई चोरी की पूरी कड़ी
पुलिस के अनुसार, 7 अक्टूबर को एक अन्य मामले में गिरफ्तार आरोपी अमित मालवीय से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने शोभापुर कॉलोनी में कटर से दरवाजा काटकर घर में प्रवेश करने और सो रही महिला के हाथ तथा गले से सोने के आभूषण चोरी करने की बात स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में अमित ने अपनी पत्नी आरती मालवीय के सहयोग तथा अपनी मां सकुन बाई द्वारा मकानों की रेकी कर जानकारी देने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने दोनों महिलाओं को भी गिरफ्तार किया।
निशानदेही पर सोने के आभूषण सहित 8 लाख का माल बरामद
पुलिस ने आरोपी अमित की निशानदेही पर दो सोने के कंगन, एक सोने की चैन, एक वॉकी-टॉकी, दो मैनपैक सेट, छह मोबाइल फोन और दो चार्जर बरामद किए हैं। बरामद सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है।
प्रकरण में अमित की पत्नी आरती मालवीय और मां सकुन मालवीय को 8 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले में धारा 307 एवं 61(2) बीएनएस का भी इजाफा किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
- अमित पिता पंचम मालवीय, उम्र 36 वर्ष
- आरती पति अमित मालवीय, उम्र 23 वर्ष
- सकुन बाई पति पंचम मालवीय, उम्र 56 वर्ष
तीनों आरोपी सारणी थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट निरीक्षक आबिद अंसारी, उप निरीक्षक मनोज उईके, उप निरीक्षक बी.पी. बूंदेला, सउनि अनिल मोर्य सहित पुलिस टीम एवं डॉग मास्टर विवेक गाडगे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की लोगों से अपील
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने जिलेवासियों से रात के समय घर की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने दरवाजे-खिड़कियों की सुरक्षा मजबूत रखने, लंबे समय के लिए घर से बाहर जाने पर पड़ोसियों और संबंधित थाना पुलिस को सूचना देने तथा संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को जानकारी देने की अपील की है।
