Betul News:आदिवासी युवक को बेल्ट, पाईप और बांस के डंडे से पीटा, ढाबे के कमरे में किया बंद साईखेड़ा थाने में मामला दर्ज 

आदिवासी युवक को बेल्ट, पाईप और बांस के डंडे से पीटा, ढाबे के कमरे में किया बंद साईखेड़ा थाने में मामला दर्ज 

जिले में कुछ महीनों पहले आदिवासी युवकों को बंधक बनाकर मारपीट के मामले सामने आने और प्रदेश एवं देश में इन मामलों के सुर्खियों में आने के बाद जिले के पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल हुआ था। अब एक और मामला सामने आया जिसमें एक युवक के साथ आधा दर्जन युवकों ने बेल्ट, प्लास्टिक के पाईप, बांस के डंडे से बेरहमी से मारपीट की गई और उसे एक ढाबे के कमरे में बंद कर दिया गया। युवक ने सांईखेड़ा थाने में शिकायत की जिसके बाद मामला पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त युवक पानठेला चलाता है और एक दिन पहले उसका विवाद कुछ युवकों से हुआ था, युवकों ने यहां ढाबे पर खाना खाने के बाद पैसे नहीं दिए थे, पैसे देने से मना करने पर विवाद बढ़ गया और हाथापाई की नौबत आ गई थी। इस घटना के दूसरे दिन आधा दर्जन युवकों ने बड़े घटनाक्रम को अंजाम दिया।यह है पूरा मामला सांईखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम उभारिया खापा निवासी 27 वर्षीय युवक सेवकराम पिता झनक गोहे आरटीओ बेरियर के पास पान ठेला चलता है। सेवकराम के मुताबिक 27 जून को उसके पानठेले पर करीब 3 बजे रोहित ढोलेकर, रवि ढोलेकर इनोवा कार से पहुंचे। दोनों ने उसे गाड़ी में बैठने के लिए कहा तो सेवकराम अपनी मर्जी से उनके साथ कार में बैठ गया। कार से दोनों सेवकराम को शिव ढाबे पर ले गए और यहां प्रकाश सिकरवार एवं अन्य 3-4 लोगों के साथ रवि और रोहित ने प्लास्टिक के पाईप, बेल्ट एवं बांस के डंडे से बेरहमी से पीटा। जिसकी वजह से सेवकराम के शरीर पर गहरे निशान पड़ गए है। यहां मारपीट के बाद आरोपियों ने सेवकाराम को गुरुकृपा ढाबे के एक कमरे में बंद कर दिया। घटना के दूसरे दिन 28 जून की शाम को सांईखेड़ा थाना पहुंचकर सेवकराम ने अपने साथ हुए घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई। सांईखेड़ा थाने में आरोपियों के विरुद्ध आईपीसी की धारा 294, 323, 506, 34, 342, एससी एसटी एक्ट केतहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

इनका कहना…

युवक ढाबे के पास पानठेला संचालित करता है। एक दिन पहले कुछ आरोपी युवकों के साथ फरियादी की हाथापाई हुई थी। दूसरे दिन आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया।मामला पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

मुकेश ठाकुर,थाना प्रभारी सांईखेड़ा

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.