Betul News:कोतवाली पुलिस द्वारा कोठी बाजार के लल्ली चौक पर तलवार लहराने वाले आरोपियों को किया गिरफ्तार निकला जुलूस
कोतवाली पुलिस द्वारा कोठी बाजार के लल्ली चौक पर तलवार लहराने वाले आरोपियों को किया गिरफ्तार निकला जुलूस

बैतूल रविवार की शाम को कोतवाली थाना क्षेत्र के कोठी बाजार में लल्ली चौक पर कुछ युवकों ने तलवार लहराकर दहशत फैलाने की कोशिश की। इस घटना के दौरान बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि आपसी रंजिश के चलते यह विवाद हुआ और इसमें तलवारों का खुलेआम प्रदर्शन कर लोगों को डराने की कोशिश की गई। वीडियो वायरल होने के तुरंत बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए उन पर बलवा और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। वही कोर्ट पेश करते समय पुलिस का वाहन खराब हो जाने के चलते थाने से कोर्ट परिसर तक आरोपियों को पुलिस द्वारा पैदल ले जाया गया। इस प्रकरण में मुख्य आरोपी अभिषेक के साथ उसके दोस्त अब्दुल्ला और परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल थे। पुलिस ने इन सभी पर बलवा और अवैध हथियार रखने के आरोप लगाए हैं आरोपियों में मुख्य आरोपी के माता-पिता, बहन, और दो भाई भी शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इन सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और सार्वजनिक स्थल पर हिंसात्मक कृत्य के मामले में कार्रवाई की गई है। घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। घटना के बाद लल्ली चौक के व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की है।
व्यापारियों का कहना है कि ऐसे अपराधियों को सबक सिखाने के लिए पुलिस को उन्हें उसी स्थान पर जुलूस निकालना चाहिए, जहां उन्होंने दहशत फैलाने की कोशिश की थी। घटना के दौरान आरोपी करीब आधे घंटे तक तलवार लहराते रहे जिससे लोग भयभीत हो गए। व्यापारियों और आम जनता ने इस घटना पर कड़ा विरोध जताया है और पुलिस से ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
