Betul news:जातिगत अपशब्द और मारपीट का आरोप, पीड़ित ने की शिकायत
जातिगत अपशब्द और मारपीट का आरोप, पीड़ित ने की शिकायत

बैतूल। चिचोली तहसील के ग्राम जामली निवासी भागवतराव खादीपुरे ने भीमपुर तहसील के ग्राम झापल निवासी श्याम प्रसाद राठौर पर जातिगत गालियां देने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस मामले में उन्होंने पुलिस अधीक्षक और अनुसूचित जाति जनजाति थाना को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।शिकायत के अनुसार घटना 24 नवंबर 2024 की है। पीड़ित भागवतराव खादीपुरे ने बताया कि वह अपने ट्रैक्टर से किसानों की धान पिसाई का काम पूरा कर लौट रहे थे। शाम 4 बजे के करीब जब वह झिटूढाना के पास पहुंचे, तो श्याम प्रसाद राठौर ने अपने ट्रैक्टर को तेजी से चलाते हुए उनके ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। जब पीड़ित ने ट्रैक्टर धीरे चलाने की बात कही, तो अपशब्द कहने शुरू कर दिए।पीड़ित ने बताया कि अनावेदक ने उन्हें ट्रैक्टर से नीचे उतारकर हाथ-मुक्कों से मारपीट की और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। पीड़ित के साथ उनके सहयोगी जयसिंग ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन उसे भी गाली दी और ट्रैक्टर में रखी रॉड से हमला करने की कोशिश की। इसी दौरान वहां मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर पीड़ित को बचाया।
चिचोली थाना पुलिस पर अनदेखी का आरोप
भागवतराव खादीपुरे ने चिचोली थाने में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन उनके अनुसार, पुलिस ने उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया और उनकी बातों को सही तरीके से दर्ज नहीं किया। पीड़ित ने कहा कि अनावेदक ने उन्हें धमकी दी है कि वह उन्हें कहीं भी जान से मार देगा। पीड़ित ने अनुसूचित जाति जनजाति थाने और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
