Crime News:बीच सड़क पर युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

बीच सड़क पर युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

बैतूल। शांति और सौहार्द के लिए पहचाने जाने वाले बैतूल शहर में लगातार सामने आ रही मारपीट और हिंसा की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाल ही में शराब दुकान पर एक युवक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ था, वहीं अब एक और वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ युवक बीच सड़क पर एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।वायरल वीडियो में कुछ लोगों के हाथों में बैट और लोहे की रॉड जैसी वस्तुएं दिखाई दे रही हैं। वीडियो में आरोपियों द्वारा युवक को सड़क पर घेरकर पीटते हुए देखा जा सकता है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किया जा रहा है, जिससे लोगों में आक्रोश और चिंता का माहौल है।जानकारी के अनुसार, यह घटना इटारसी रोड क्षेत्र के पास की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि दो युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि करीब आधा दर्जन लोगों ने मिलकर एक युवक पर हमला कर दिया।मारपीट में घायल युवक के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। परिजनों के अनुसार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि खबर लिखे जाने तक मुख्य आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं।

घटना के वीडियो के वायरल होने के बाद लोगों का कहना है कि खुलेआम हो रही ऐसी वारदातें अपराधियों के बढ़ते हौसलों को दर्शाती हैं और पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.