Betul News:सदर ब्रिज पर हिट एंड रन में युवक की मौत, रातभर पड़ा रहा शव पुलिस गश्त और मानवीय संवेदनाओं पर उठे सवाल
सदर ब्रिज पर हिट एंड रन में युवक की मौत, रातभर पड़ा रहा शव पुलिस गश्त और मानवीय संवेदनाओं पर उठे सवाल

बैतूल। शहर के सदर ब्रिज पर सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक हिट एंड रन हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार किसी अज्ञात वाहन ने युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हैरानी की बात यह रही कि युवक का शव पूरी रात ब्रिज पर पड़ा रहा और सुबह लोगों की नजर पड़ने के बाद मामले की जानकारी सामने आई।घटना के बाद शहर में पुलिस गश्त व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। आमतौर पर पुलिस द्वारा रात्रि गश्त किए जाने का दावा किया जाता है, लेकिन यदि शव पूरी रात सड़क पर पड़ा रहा तो यह प्रश्न उठना स्वाभाविक है कि गश्त के दौरान पुलिस कर्मियों की नजर उस पर क्यों नहीं पड़ी।वहीं यह घटना समाज की संवेदनहीनता को भी उजागर करती है। अक्सर सड़क किनारे या मार्ग पर कोई व्यक्ति पड़ा दिखाई देने पर लोग यह मानकर आगे बढ़ जाते हैं कि वह नशे की हालत में होगा। इसी सोच के कारण कई बार जरूरतमंद लोगों को समय पर मदद नहीं मिल पाती। यह जरूरी नहीं कि सड़क पर पड़ा हर व्यक्ति शराब के नशे में हो, वह किसी दुर्घटना, बीमारी या अन्य आपात स्थिति का शिकार भी हो सकता है।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते किसी राहगीर या गश्त कर रही टीम की नजर युवक पर पड़ जाती और तत्काल सहायता मिलती, तो शायद स्थिति कुछ और हो सकती थी। हालांकि युवक की मौत किसी गाड़ी की टक्कर से हुई या मौत किस कारण से हुई है इसका खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि दुर्घटना करने वाले वाहन और चालक की पहचान की जा सके।इस घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि सड़क पर संकट में दिखने वाले व्यक्ति की अनदेखी करना कभी-कभी किसी की जिंदगी और मौत के बीच का अंतर बन सकता है। संवेदनशीलता और सतर्कता ही ऐसे हादसों में समय पर मदद का सबसे बड़ा माध्यम बन सकती है।
