Betul News:चाचा की हत्या कर पेड़ पर लटकाने का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग

चाचा की हत्या कर पेड़ पर लटकाने का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग

हत्या या आत्महत्या? कॉल डिटेल और लोकेशन की जांच की मांग

मृतक के परिजनों का आरोप: आरोपी खुलेआम घूम रहे, पुलिस नहीं ले रही बयान

प्रेम संबंध के चलते हत्या की आशंका परिजनों ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई

बैतूल। जिले के शाहपुर तहसील अंतर्गत पांडाझिरी गांव के युवक नितिश धुर्वे ने एसपी को ज्ञापन सौंपते हुए अपने चाचा श्रीपाल धुर्वे की हत्या की निष्पक्ष जांच की मांग की है। नितिश ने आरोप लगाया है कि श्रीपाल धुर्वे की हत्या प्रेम प्रसंग के चलते डोलजाम गांव के कुछ लोगों ने की और उनकी लाश को पेड़ पर लटका दिया गया। शिकायत के अनुसार, श्रीपाल धुर्वे का डोलजाम निवासी (परिवर्तित नाम) से प्रेम संबंध था, और वह उससे मिलने 19 दिसंबर 2024 को डोलजाम गए थे। नितिश ने बताया कि उन्होंने अपने चाचा को गांव के बाहर बालई रोड पर छोड़ दिया था। बाद में, नितिश को 10-12 लोगों ने धमकाया, मोटरसाइकिल छीन ली और एक घंटे तक बंधक बनाकर रखा। 20 दिसंबर को सुबह श्रीपाल धुर्वे की लाश एक महुए के पेड़ पर लटकी मिली। परिजनों ने डोलजाम निवासी मस्तराम, बबलू, सोमलाल, संदीप और अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इन लोगों ने श्रीपाल की हत्या कर सबूत मिटाने के लिए उनकी लाश को पेड़ पर टांग दिया। परिजनों का आरोप है कि बीजादेही पुलिस ने घटना की सूचना के बावजूद अब तक उनके बयान दर्ज नहीं किए हैं और ना ही हत्या के पीछे की साजिश की जांच की है। उन्होंने एसपी से मांग की है कि मृतक के मोबाइल और आशा उइके की कॉल डिटेल और लोकेशन की जांच कराई जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो। परिजनों ने यह भी कहा कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने एसपी आग्रह किया है, ताकि दोषियों को सजा मिल सके।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.