Betul News:अजब बैतूल के गजब डॉक्टर : ऑपरेशन के बाद महिला के पेट में छोड़ा कपड़ा, जिला अस्पताल का मामला
अजब बैतूल के गजब डॉक्टर : ऑपरेशन के बाद महिला के पेट में छोड़ा कपड़ा, जिला अस्पताल का मामला

बैतूल, मध्यप्रदेश – जिला चिकित्सालय बैतूल में एक बार फिर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। एक प्रसूता के सीजेरियन ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों की लापरवाही के चलते उसके पेट में हैंड टॉवल छोड़ दिया गया, जिससे महिला को गंभीर पेट दर्द की शिकायत हुई। जब उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया तो जांच के दौरान उसकी छोटी आंत में एक हैंड टॉवल फंसा हुआ पाया गया, जिसे ऑपरेशन कर निकाला गया। यह घटना ग्राम जम्बाड़ा, जनपद आमला की रहने वाली महिला के साथ हुई, जिसने जिला चिकित्सालय में सीजेरियन ऑपरेशन के जरिए एक बच्ची को जन्म दिया था। प्रसव के बाद, पेट दर्द की शिकायत के साथ महिला को पुनः जिला चिकित्सालय लाया गया, लेकिन बिना किसी जांच के उसे दर्द की दवा देकर तीन दिनों में डिस्चार्ज कर दिया गया। जब स्थिति बिगड़ी, तो परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने सूजन और आंतों के चिपकने की स्थिति पाई। ऑपरेशन के बाद पाया गया कि महिला की आंत में सीजेरियन ऑपरेशन के दौरान हैंड टॉवल छोड़ा गया था, जो उसकी जान को खतरे में डाल सकता था।
चिकित्सालय के लापरवाही के पुराने मामल
यह घटना कोई पहली नहीं है जब बैतूल जिला चिकित्सालय विवादों में आया हो। चिकित्सालय में प्रसूताओं की मौतों और भ्रष्टाचार के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। सिविल सर्जन (सीएस) डॉ. अशोक बारंगा पर कई बार लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप लग चुके हैं, लेकिन अब तक उनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। कई सूत्रों का मानना है कि डॉ. बारंगा को एक बड़े नेता का राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते उनके खिलाफ कोई कड़ी कार्रवाई नहीं की जा रही है। अब, जिले के कलेक्टर, जो अपनी सख्त कार्यप्रणाली के लिए जाने जाते हैं, इस मामले में क्या कार्रवाई करेंगे, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।
