Politics News:भाजपा को सच सुनना बर्दाश्त नहीं, पुलिस बनी सत्ता की कठपुतली: नारायण धोटे

भाजपा को सच सुनना बर्दाश्त नहीं, पुलिस बनी सत्ता की कठपुतली: नारायण धोटे

बैतूल। जिला कांग्रेस ओबीसी वर्ग के अध्यक्ष नारायण धोटे ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि जब कांग्रेसजन कोतवाली में शांतिपूर्ण धरना कर रहे थे, तब पुलिस ने भी सहयोगात्मक रवैया अपनाते हुए कहा था कि 2 दिन में जांच कर कार्रवाई की जाएगी। उस समय न तो शासकीय कार्य में कोई व्यवधान था और न ही पुलिस ने आपत्ति जताई। लेकिन अचानक 48 घंटे के भीतर ही कांग्रेस जिला अध्यक्ष सहित अन्य नेताओं पर एफआईआर दर्ज कर दी गई। आखिर ऐसा कौन-सा दबाव भाजपा ने पुलिस पर डाला कि दो दिन पहले जो पुलिस सहयोग कर रही थी वही अब सत्ता की कठपुतली बन गई?धोटे ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में हमेशा से फर्क रहा है। सत्ता पक्ष को विपक्ष की आवाज से डर लगने लगा है। भाजपा अब लोकतांत्रिक तरीकों से नहीं, बल्कि धमकी और फर्जी मुकदमों के सहारे अपनी कुर्सी बचाने की राजनीति कर रही है। सच बोलना भाजपा को गवारा नहीं, यही कारण है कि शांतिपूर्ण आंदोलनों को भी अपराध करार दिया जा रहा है।जिला कांग्रेस ओबीसी अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा दलित और ओबीसी वर्ग को आगे बढ़ाने का काम किया है। भाजपा के नेताओं को यह रास नहीं आता, इसलिए वे झूठे आरोपों और एफआईआर के जरिए विपक्ष की आवाज दबाना चाहते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर भाजपा लोकतंत्र में विश्वास करती है तो फिर विपक्ष की आवाज से इतनी बौखलाहट क्यों।धोटे ने कहा कि यह वही भाजपा है जो खुद को जनसेवक कहती है, लेकिन असल में वह जनविरोधी चेहरा बन चुकी है। बैतूल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर लोकतंत्र की हत्या है और कांग्रेस इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर भाजपा सरकार अपनी दमनकारी नीतियों से बाज नहीं आई तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में इसे बड़ा मुद्दा बनाएगी।धोटे ने कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार में लोकतंत्र सिर्फ भाषणों में बचा है, जमीनी हकीकत में यह तानाशाही का खेल बन चुका है। कांग्रेस अब इस लड़ाई को गांव-गांव और गली-गली ले जाएगी ताकि जनता को भाजपा का असली चेहरा दिखाया जा सके।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.