Police News:थाना संभालते ही बढ़ जाता है क्राइम पहचानो कौन?
थाना संभालते ही बढ़ जाता है क्राइम पहचानो कौन?

बैतूल।शहर के एक प्रतिष्ठित होटल में चल रही गुफ्तगू ने पुलिस महकमे की कार्यशैली पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चर्चा का विषय बने एक ऐसे थाना प्रभारी, जिनके हाथ में जिस भी थाने की कमान आती है, वहां अपराधों की संख्या तेजी से बढ़ने लगती है। यह महज संयोग है या इसके पीछे कोई साजिश, यह जानना जरूरी हो गया है क्योंकि यह बात अब आम चर्चा का विषय बन चुकी है। स्थानीय लोगों और कुछ जिम्मेदार सूत्रों का कहना है कि उक्त थाना प्रभारी जिस भी थाना क्षेत्र में पदस्थ होते हैं, वहां जुए और सट्टे जैसे गैरकानूनी कारोबार को खुली छूट मिल जाती है। सूत्रों की मानें तो साहब के आने के बाद क्षेत्र में जुए के अड्डों की बहार आ जाती है और इस कारोबार से जुड़े लोगों की बांछें खिल जाती हैं। शहर में यह बात तेजी से फैल रही है कि साहब की ‘खास कार्यशैली’ और ‘मिलनसार रवैये’ का फायदा अपराधी तत्व खूब उठा रहे हैं। यही नहीं, कई लोगों का दावा है कि थाना प्रभारी खुद भी इन गतिविधियों पर आंख मूंदे रहते हैं या फिर उनका परोक्ष समर्थन करते हैं।सूत्र बताते हैं कि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी इस पूरे मामले से भली-भांति परिचित हैं, लेकिन थाना प्रभारियों की भारी कमी के चलते वे चाहकर भी कोई ठोस कदम नहीं उठा पा रहे। ऐसे में उन्हें फील्ड में बनाए रखना एक तरह की प्रशासनिक मजबूरी बन गई है।
