Betul News:मुलताई में ढाबा संचालक पर मारपीट और धमकी का आरोप, एसपी से शिकायत

मुलताई में ढाबा संचालक पर मारपीट और धमकी का आरोप, एसपी से शिकायत

बैतूल। मुलताई थाना क्षेत्र अंतर्गत इंदिरा गांधी वार्ड निवासी फरियादी नितिन पाठेकर ने ढाबा संचालक पवन शिवहरे पर मारपीट, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने बताया कि वह भोजन करने अनावेदक के ढाबे पर गया था, जहां 900 रुपये के बिल में से 800 रुपये फोन-पे के माध्यम से भुगतान किए और शेष 100 रुपये नकद दे रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद एक बुजुर्ग व्यक्ति द्वारा गाली-गलौच की गई और पैसे न होने पर खाना खाने आने की बात कही गई।

पीड़ित के अनुसार जब उसने पूरे पैसे देने की बात कही तो अनावेदक पवन शिवहरे ने उसकी कॉलर पकड़कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। झगड़े के दौरान उसके गले की सोने की चेन भी कहीं गुम हो गई। घटना की शिकायत मुलताई थाने में की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

नितिन पाठेकर ने आरोप लगाया कि 26 जनवरी को जब उसने दिवस अधिकारी सोनू ठाकुर को घटना की जानकारी दी तो उन्होंने शिकायत दर्ज करने से इनकार किया और आवेदन लेकर भगा दिया। पीड़ित का कहना है कि उसने इस संबंध में सीएम हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित अधिकारी द्वारा रिश्वत की मांग की गई और अनावेदक दबंग होने के कारण उसकी शिकायत दबा दी गई। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी से मामले में निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.