Betul News:अवैध कॉलोनी की खबर छपने पर पत्रकार को दी जान से मारने की धमकी, श्रमजीवी पत्रकार संघ ने की कार्रवाई की मांग

अवैध कॉलोनी की खबर छपने पर पत्रकार को दी जान से मारने की धमकी, श्रमजीवी पत्रकार संघ ने की कार्रवाई की मांग

बैतूल। आमला थाना क्षेत्र में पत्रकार को जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि अवैध कॉलोनी की शिकायत पर खबर प्रकाशित होने के बाद प्लॉट विक्रेता के बेटे ने पत्रकार को धमकाया। मामला सामने आने पर श्रमजीवी पत्रकार संघ आमला ने विरोध जताते हुए थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सक्सेना को ज्ञापन सौंपा। पत्रकारों ने आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में थाना आमला में अनावेदक अजय लोनारे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दरअसल, आमला के उप नगर बोड़खी वार्ड क्रमांक 13 स्थित अयोध्या कॉलोनी के नाम पर प्लॉट विक्रय के दौरान प्लॉट विक्रेता द्वारा यह कहा गया था कि मकान निर्माण के बाद मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। लेकिन निर्माण के बाद भी कॉलोनी में रहने वाले लोगों को बिजली, पानी, सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। इसको लेकर कॉलोनीवासियों ने नगर पालिका सीएमओ को ज्ञापन सौंपा था और शिकायतें समाचार पत्रों को भी भेजी थीं।इस पूरे मामले की खबर समाचार पत्र में प्रकाशित की गई थी। खबर छपने के बाद प्लॉट विक्रेता के पुत्र ने समाचार प्रकाशित करने वाले पत्रकार को जान से मारने की धमकी दे दी। घटना के बाद श्रमजीवी पत्रकार संघ आमला के अध्यक्ष नितिन देशमुख के नेतृत्व में थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सक्सेना को पुलिस अधीक्षक निश्चल झारिया तथा आमला तहसीलदार रिचा कौर को अनुविभागीय अधिकारी शैलेन्द्र सिंह बडोनिया के नाम ज्ञापन सौंपा गया।ज्ञापन में बताया गया कि समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरें पूरी तरह से तथ्यों पर आधारित होती हैं और जनहित में होती हैं। ऐसी खबरों पर यदि किसी पत्रकार को जान से मारने की धमकी दी जाती है, तो यह गंभीर अपराध है। पत्रकारों को सुरक्षा देना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इस आधार पर श्रमजीवी पत्रकार संघ ने अनावेदक अजय लोनारे पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की मांग की।ज्ञापन सौंपते समय श्रमजीवी पत्रकार संघ आमला के अध्यक्ष नितिन देशमुख के साथ महेश प्रजापति, अजय बछले, राजेश सूरे, कमलेश माकोड़े, संतोष राठौर, दिलीप चौकीकर, जयंत गोहे, दुर्गा प्रसाद जोंजारे एवं अन्य पत्रकार मौजूद रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.