Betul News:टिकारी नगर की जनता बैंक की लापरवाही से परेशान, तीन महीने से बैंकिंग सेवा ठप
कियोस्क सेंटर की आईडी बंद, बुजुर्गों और विकलांगों के लिए मुसीबत बनी बैंक सेवा
टिकारी नगर की जनता बैंक की लापरवाही से परेशान, तीन महीने से बैंकिंग सेवा ठप
कृष्णपुरा, महावीर और अंबेडकर वार्ड के लोग बैंक की मनमानी का शिकार
समाजसेवी शेखर बारस्कर ने उठाई आवाज, जनता के साथ पहुंचेंगे कलेक्ट्रेट

बैतूल। टिकारी नगर के कृष्णपुरा, महावीर और अंबेडकर वार्ड के निवासी पिछले तीन महीनों से बैंकिंग सुविधा के लिए तरस रहे हैं। क्षेत्र में स्थापित एसबीआई कियोस्क सेंटर की आईडी बंद होने से जनता को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। खासतौर पर बुजुर्ग, विकलांग और बीमार लोग, जो घर बैठे पैसे निकालने और जमा करने की सुविधा का लाभ उठाते थे, अब आसपास के गांवों में जाने को मजबूर हैं।कृष्णपुरा वार्ड के पूर्व भाजपा वार्ड अध्यक्ष और समाजसेवी शेखर बारस्कर ने बताया कि कियोस्क सेंटर कौशल घोड़के संचालित करते थे। वार्डवासियों को काफी सुविधा मिलती थी, लेकिन बैंक ने अचानक इसकी आईडी बंद कर दी, जिससे पूरा टिकारी नगर प्रभावित हो रहा है। बारस्कर ने वार्डवासियों की समस्या को लेकर बैंक के एफ एआई मैनेजर और अन्य अधिकारियों से मुलाकात की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि 2-4 दिनों में कियोस्क सेंटर की आईडी चालू कर दी जाएगी।समाजसेवी शेखर बारस्कर ने स्पष्ट किया है कि अगर समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ, तो वह 100-200 लोगों के साथ कलेक्टर कार्यालय जाएंगे और एसबीआई बैंक की असुविधा और मनमानी की शिकायत कलेक्टर से करेंगे
