Betul News:गलती से आए 15 हजार रुपए लौटाने थाने पहुंचा मजदूर
ऑनलाइन ट्रांसफर हुए पैसे लौटाकर पेश की इंसानियत की मिसाल
गलती से आए 15 हजार रुपए लौटाने थाने पहुंचा मजदूर
ऑनलाइन ट्रांसफर हुए पैसे लौटाकर पेश की इंसानियत की मिसाल

बैतूल। आज के दौर में जब छोटी-छोटी रकम के लिए लोग ईमानदारी से समझौता कर लेते हैं, बैतूल के एक युवक ने इंसानियत और नैतिकता का ऐसा परिचय दिया है, जो समाज के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है। बैतूल की गर्ग कॉलोनी में रहने वाले और हमाली का काम करने वाले युवक टक्की के खाते में एक दिन अचानक 15 हजार रुपये आ गए। यह रकम उनके लिए बड़ी थी, लेकिन उन्होंने इसे अपने पास रखने के बजाय सही मालिक को लौटाने का निर्णय लिया।यह रकम अनूपपुर की रहने वाली शिवानी आहूजा ने गलती से ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के दौरान टक्की के खाते में ट्रांसफर कर दी थी। टक्की ने जैसे ही यह राशि अपने बैंक खाते में देखी, उन्होंने बिना देर किए अपने दोस्तों विशाल मालवीय और राहुल नागले से इस बारे में चर्चा की। इसके बाद तीनों दोस्त कमलाकर तायवडे के साथ गंज थाना पहुंचे।

गंज थाने में मौजूद आरक्षक आशीष सिंह चौहान को टक्की और उनके साथियों ने पूरी घटना विस्तार से बताई। आरक्षक आशीष सिंह चौहान ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्परता से अनूपपुर कोतवाली थाने से संपर्क किया और महिला शिवानी आहूजा से जुड़ी जानकारी साझा की। इसके बाद पूरी प्रक्रिया शुरू की गई ताकि यह राशि महिला के खाते में सुरक्षित रूप से लौटाई जा सके। टक्की की इस ईमानदारी और पुलिस की सक्रियता की लोगों ने जमकर सराहना की है। लोगों का कहना है कि ऐसे उदाहरण समाज में भरोसे और नैतिकता को मजबूत करते हैं। टक्की जैसे लोग साबित करते हैं कि अब भी ईमानदारी जिंदा है और इंसानियत सबसे बड़ी पूंजी है।
