Betul News:भाजपा जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम की सूची पर उठे सवाल, शाहपुर मंडल में बढ़ी नाराजगी

भाजपा जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम की सूची पर उठे सवाल, शाहपुर मंडल में बढ़ी नाराजगी

शाहपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम में जारी की गई अपेक्षित सूची को लेकर शाहपुर मंडल में असंतोष और नाराजगी का माहौल बन गया है। पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा का विषय बनी इस सूची में शाहपुर मंडल के पूर्व उपाध्यक्ष विनोद साहू को मंडल महामंत्री दर्शाकर कार्यक्रम में आमंत्रित किए जाने पर सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य रूप से सभी मंडलों के मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री एवं जिले के पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया था। लेकिन शाहपुर मंडल के कार्यकर्ताओं का कहना है कि वर्तमान में मंडल में केवल एक ही महामंत्री की नियुक्ति है, इसके बावजूद अपेक्षित सूची में क्रमांक 115 पर विनोद साहू का नाम मंडल महामंत्री के रूप में दर्ज किया गया।
सूची सामने आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में भ्रम और नाराजगी की स्थिति बन गई है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब पार्टी संगठन में पदों की स्पष्ट जिम्मेदारियां तय हैं, तो फिर पूर्व पदाधिकारियों को वर्तमान पद पर दर्शाकर आमंत्रित करना संगठनात्मक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।सूत्रों के अनुसार कई कार्यकर्ताओं ने इसे संगठनात्मक चूक बताते हुए नाराजगी जताई है। वहीं राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज हो गई है कि आखिर किस आधार पर सूची तैयार की गई और जिम्मेदार पदाधिकारियों द्वारा इसका सत्यापन क्यों नहीं किया गया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.