Crime News:9 लाख की सनसनीखेज लूट का खुलासा 5 आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड अब भी फरार

बोरदेही पुलिस की बड़ी सफलता, लूट की रकम से खरीदी गई दो बाइक भी जब्त, मुख्य आरोपी पर 10 हजार का इनाम घोषित

9 लाख की सनसनीखेज लूट का खुलासा 5 आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड अब भी फरार

बोरदेही पुलिस की बड़ी सफलता, लूट की रकम से खरीदी गई दो बाइक भी जब्त, मुख्य आरोपी पर 10 हजार का इनाम घोषित

बैतूल। बोरदेही थाना क्षेत्र में करीब दो सप्ताह पहले हुई 9 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि गिरोह का मुख्य सरगना अभी भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस अधीक्षक ने फरार आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है।पुलिस के अनुसार 20 मई 2026 को आमला स्थित आईसीआईसीआई बैंक से 9 लाख रुपये निकालकर बोरदेही लौट रहे प्रदीप झरबड़े को रास्ते में बदमाशों ने निशाना बनाया था। प्रदीप अपने मालिक विक्की साहू की रकम लेकर मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उनका पीछा किया और नरेरा तथा देहलवाड़ा गांव के बीच सुनसान मार्ग पर उनकी आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया। अचानक हुए हमले से वे सड़क पर गिर पड़े, जिसके बाद आरोपियों ने चाकू की नोक पर रुपयों से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए।घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में विशेष जांच टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी, एसडीओपी मुलताई एस.के. सिंह तथा डीएसपी महिला सेल दुर्गेश आर्मो के मार्गदर्शन में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।पुलिस ने घटना के बाद विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मोबाइल लोकेशन सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिनके आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 60 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में उपयोग की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। जांच में यह भी सामने आया कि लूट की रकम का एक हिस्सा खर्च कर आरोपियों ने दो नई मोटरसाइकिलें खरीदी थीं, जिन्हें भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस ने रामकुमार उर्फ मोहित यदुवंशी (18), गोविंद टांडेकर (19), शिवराम उर्फ नान्हू बन (20), दुर्गेश सोनवंशी (22) तथा कमलेश उर्फ मनीष यदुवंशी (26) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी छिंदवाड़ा जिले के नवेगांव थाना क्षेत्र के निवासी हैं।

मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से दूर

पुलिस के अनुसार इस पूरे घटनाक्रम का मुख्य सूत्रधार देवानंद उर्फ देवा इवने है, जो वारदात के बाद से फरार चल रहा है। उसकी तलाश के लिए बैतूल और छिंदवाड़ा जिले में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी और शेष लूटी गई राशि की बरामदगी के लिए विशेष प्रयास जारी हैं।आदतन अपराधी निकला मास्टरमाइंड जांच में सामने आया है कि फरार आरोपी देवानंद इवने का आपराधिक रिकॉर्ड लंबा है। उसके खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट, चोरी, नकबजनी, लूट और जुआ एक्ट सहित आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। नवेगांव थाना पुलिस ने उसे निगरानी बदमाश की सूची में भी शामिल कर रखा है।इस बड़ी कार्रवाई में बोरदेही थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम वट्टी, आमला थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश ठाकुर सहित बोरदेही, आमला, नवेगांव, जुन्नारदेव थाना स्टाफ एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने पूरी टीम की सराहना करते हुए उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई दी है।बड़ी नकदी लेकर यात्रा करने वालों को पुलिस की सलाह पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बड़ी नकद राशि लेकर यात्रा करते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतें। संभव हो तो किसी अन्य व्यक्ति को साथ रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या पीछा किए जाने की स्थिति में तुरंत डायल-112 या नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.