Betul News:कोई तो बुझाए सोनाहिल कालोनीवासियों की प्यास

बिल बकाया होने पर विद्युत कंपनी ने काटी बिजली

कोई तो बुझाए सोनाहिल कालोनीवासियों की प्यास

बिल बकाया होने पर विद्युत कंपनी ने काटी बिजली

बैतूल। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा है कि नल से हर घर में जल पहुंचे। इसी महत्वाकांक्षी योजना के तहत पीएचई और जल जीवन मिशन के माध्यम से नलजल योजना तो प्रारंभ की गई है लेकिन इन योजनाओं का रखरखाव बेहतर तरीके से नहीं किए जाने और नलजल योजना का निर्माण करने वाले ठेकेदारों द्वारा घटिया कार्य करने की परिणित यह हो रही है कि नलजल योजना चंद महीनों में ही दम तोड़ रही है और लोगों को पेयजल संकट से जूझने को मजबूर होना पड़ रहा है। ऐसा ही मामला जिला मुख्यालय की समीपस्थ ग्राम पंचायत मरामझिरी का भी सामने आया है यहां पर बिजली बिल बकाया होने से मध्यप्रदेश मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने नलजल योजना की बिजली ही काट दी है जिससे सोनाहिल कालोनी चक्कर रोड वासियों को पेयजल संकट से दो-चार होना पड़ रहा है।

घटिया निर्माण की भेंट चढ़े 50 लाख रुपए

प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 माह पहले ग्राम पंचायत मरामझिरी ने 48.98 लाख रुपए की लागत से निर्मित नलजल योजना प्रारंभ की थी। इस योजना को बिना टेस्टिंग के ही ठेकेदार से ग्राम पंचायत ने हैंडओव्हर कर लिया था। इस नतीजा यह हुआ कि नलजल योजना ने चंद दिनों में ही दम तोड़ दिया है। ठेकेदार द्वारा किए गए घटिया निर्माण की पोल खुल गई है।

क्यों बंद हुई नलजल योजना?

कालोनीवासी राजकुमार साहू, दिनेश यादव ने बताया कि पंचायत द्वारा बिना टेस्टिंग के नलजल योजना को हैंडओव्हर कर लिया गया। इससे घटिया कार्य की वजह से जगह-जगह से पाइप लाइन लीकेज बंद नहीं हो सका और सप्लाई के दौरान अत्यधिक समय लगा जिससे बिजली की खपत भी अधिक हुई। यही वजह है कि करीब 1 लाख रुपए बिल होने पर विद्युत कंपनी ने नलजल योजना का कनेक्शन ही काट दिया है।

पंचायत ने दिए थे 250 कनेक्शन

ग्राम पंचायत मरामझिरी ने सोनाहिल कालोनी सहित पंचायत में कुल 250 कनेक्शन दिए थे। इनमें से 113 कनेक्शन संचालित हैं जो कि नियमानुसार पंचायत को राजस्व कर, मकान टैक्स के साथ-साथ जल कर भी जमा कर रहे हैं। बावजूद इसके नलजल योजना का बिल पंचायत द्वारा जमा नहीं करने पर कनेक्शन काट दिया गया है। ठेकेदार ने नलजल योजना की पाइप लाइन ऐसी बिछाई है कि हर जगह लीकेज हो रही है।

कई बार कर चुके शिकायत

सोनाहिल कालोनी के वासियों ने बताया कि शुरूवात में ही उन्होंने ठेकेदार के घटिया कार्यों की वजह से लीकेज पाइप लाइन के विषय में मरामझिरी पंचायत के सरपंच और सचिव को अवगत कराया था लेकिन समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया। ग्राम पंचायत ने बिना टेस्टिंग के ही पूरी नलजल योजना हैंडओव्हर कर ली जिसका खामियाजा अब नागरिकों को जलसंकट के रूप में उठाने मजबूर होना पड़ रहा है।  

 

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.