Betul News:बेटा पैसे का प्रलोभन देता है और मां एफआईआर की धमकी!
बेटा पैसे का प्रलोभन देता है और मां एफआईआर की धमकी!
निष्पक्ष पत्रकारिता करता हूं, डरने वालों में से नहीं हूं; गलत किया नहीं और किसी को करने भी नहीं दूंगा”
बैतूल। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में देर रात एक परिवार के साथ हुई मारपीट की घटना लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है। आरोप है कि रिमून पवार और उसके साथियों ने सदर क्षेत्र में एक घर के बाहर पहुंचकर हंगामा किया और फिर महिला, पुरुष तथा बच्चों के साथ मारपीट की। घटना में मिराज नामक युवक के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उसे 14 टांके लगाए गए। वहीं बीच-बचाव करने पहुंचे एक अन्य व्यक्ति का हाथ फ्रैक्चर होने की भी जानकारी सामने आई है। अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर आधा दर्जन से अधिक लोग पीड़ित परिवार के घर के सामने हंगामा करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कुछ लोगों द्वारा पीड़ित पक्ष के साथ मारपीट कर रहे हैं वीडियो में देखा जा सकता है।
घर में घुसकर मारपीट पर उठ रहे सवाल
इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों पर प्रकरण दर्ज किया है। हालांकि कार्रवाई पुलिस का अधिकार क्षेत्र है, लेकिन शहर में यह सवाल उठ रहा है कि यदि घर में घुसकर मारपीट जैसे मामलों में कठोर कार्रवाई नहीं होती है तो इससे असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ सकते हैं। लोगों का कहना है कि घर व्यक्ति के लिए सबसे सुरक्षित स्थान माना जाता है और यदि वहां भी सुरक्षा का भरोसा कमजोर पड़ता है तो यह चिंता का विषय है।
खबर नहीं चलाने के लिए पहले प्रलोभन, फिर धमकी।
मामले को लेकर यह भी आरोप लगाया गया है कि खबर प्रकाशित नहीं करने के लिए पहले आरोपी पक्ष की ओर से पैसों का प्रलोभन दिया गया। जब बात नहीं बनी तो कथित तौर पर आरोपी की मां द्वारा एफआईआर कराने की धमकी दी गई। इस पूरे घटनाक्रम पर पत्रकार राहुल नागले का कहना है कि वह निष्पक्ष पत्रकारिता करते हैं और किसी भी प्रकार के दबाव, प्रलोभन या धमकी से प्रभावित होने वाले नहीं हैं। उनका कहना है कि पत्रकारिता का उद्देश्य सच को सामने लाना है और यदि किसी के साथ अन्याय हुआ है तो उसकी आवाज उठाना मीडिया का दायित्व है। अब देखना होगा कि पुलिस क्या कार्रवाई करती है मामूली धाराओं में डायरी कोट पेश करेगी या धाराएं बढ़ाएगी।
