Crime News:पैसों के लेन-देन को लेकर प्रताड़ना से आत्महत्या मामला: सिरोंज से एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

पैसों के लेन-देन को लेकर प्रताड़ना से आत्महत्या मामला: सिरोंज से एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

सारणी। पैसों के लेन-देन को लेकर कथित प्रताड़ना और धमकियों से परेशान होकर आत्महत्या करने वाले युवक के मामले में सारणी पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी दीपक कुशवाह को विदिशा जिले के सिरोंज से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।पुलिस के अनुसार 4 मई 2026 को सुपर डी-358 सारणी निवासी 36 वर्षीय रोहित विश्वकर्मा की मृत्यु की सूचना मिलने पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान घटनास्थल से दो सुसाइड नोट, तीन पत्र और एक डायरी बरामद हुई थी, जिन्हें जब्त कर जांच में शामिल किया गया।मर्ग जांच में परिजनों एवं अन्य साक्षियों के बयान तथा सुसाइड नोट के आधार पर सामने आया कि मृतक रोहित विश्वकर्मा को कुछ लोगों द्वारा पैसों के लेन-देन को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। साथ ही उसे झूठे प्रकरण में फंसाने और जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही थीं। पुलिस जांच में इन्हीं परिस्थितियों के कारण रोहित द्वारा आत्महत्या किए जाने के तथ्य सामने आए।जांच के आधार पर सोनू कश्मिरा, अमर सिंह राणा, आरिफ खान, ललित मालवीय, आदर्श वास्तव, दीपक कुशवाह, राजेश अग्रवाल, रिशभ एवं मयूर पाल के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108, 308(5) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।इस प्रकरण में पूर्व में आरोपी लक्की उर्फ ललित मालवीय को 24 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है। वहीं 3 जून 2026 को आरोपी दीपक कुशवाह (28 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 17, सिरोंज जिला विदिशा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया पुलिस ने बताया कि मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

गिरफ्तारी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, प्रधान आरक्षक श्रीराम उईके तथा आरक्षक सुभाष मंडलोई और साइबर सेल के पंकज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.